फेसबुक फ्रेंड की मां नहीं, धमकियां देने वाले भाई को मारने आया था दुबई से

जालंधर.लद्देवाली में फेसबुक फ्रेंड की मां शरणजीत कौर की हत्या करने वाले मोहल्ला नीलामहल के 26 साल के सरबजीत सिंह विरदी को पुलिस ने दोमोरिया पुल के पास से अरेस्ट किया है। 

विरदी ने कहा कि मैं आंटी को मारना नहीं चाहता था। मैंने समझा था कि नीचे कमरे में उसकी फ्रेंड का भाई हरप्रीत सो रहा है। गर्दन पर पहला चाकू मारा तो पता चला कि नीचे तो आंटी सो रही हैं। आंटी ने मेरे हाथ में काट खाया था। इसके बाद दो बार और चाकू मारे।

विरदी कहता है कि मैं हरप्रीत को इसलिए मारना चाहता था क्योंकि वह उसे धमकी देता था। सोचा था कि भाई के मर्डर के बाद उसकी फ्रेंड और मां अकेली हो जाएगी। इसके बाद वह उससे टूट चुके रिश्ते को दोबारा जोड़ लेगा। आरोपी ने भावुक होकर कहा, मेरे गुनाह की सजा अब यह है कि मैं सुसाइड कर लूं।

एडीसीपी सिटी-वन मंदीप सिंह और एसीपी सतिंदर चड्डा ने बताया कि आरोपी को पुलिस ट्रैप कर चुकी थी। एलओसी जारी होने के बाद उसके दुबई जाने का रास्ता बंद हो गया था। फैमिली से पता चला था कि उसे पैसे की सख्त जरूरत है। वह पैसे लेने के लिए सिटी रेलवे स्टेशन के पास आ रहा है। एसएचओ राजेश ठाकुर ने दोमोरिया पुल के पास से उसे पकड़ लिया। आरोपी की निशानदेही पर 66 फुटी रोड से मर्डर में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है। एफबी फ्रेंड के भाई को मारने के लिए सरबजीत 23 नवंबर को दुबई से इंडिया आया था।

किचन के चाकू से किया था हमला, हरप्रीत को मार भागना था दुबई

पूछताछ में आरोपी ने माना कि फेसबुक के जरिये 2011 में उसकी दोस्ती हुई थी। इसके बाद वह लड़की के घर आने-जाने लगा। सब ठीक चल रहा था। 2015 में उसने डीएवी कॉलेज से बीसीए कर ली थी। दोस्त से शादी करना चाहता था तो मैरिज के लिए आंटी-अंकल से बात की थी। तब उन्होंने इंकार कर दिया था। उस दौरान उसके पिता का देहांत हो गया। फिर एक साल पहले अंकल की एक्सीडेंट में मौत हो गई। अंकल की मौत के कुछ दिन बाद वह आंटी से दोबारा मिला तो उन्होंने साफ मना कर दिया। हरप्रीत धमकी देता था कि अगर उनके घर आया तो बुरा होगा। फ्रेंड ने भी सीधा इंकार कर दिया था। फरवरी में वह बहन अमनप्रीत कौर के पास दुबई चला गया था। यहां पर अरब टेक कंपनी में क्लर्क का काम शुरू किया। दूसरी बार जुलाई में इंडिया आया तब भी आंटी ने मना कर दिया था। हरप्रीत ने फिर धमकी दी थी। इस दौरान फ्रेंड का इंडिया का नंबर बंद आने लगा। पता चला कि अगस्त में वह स्टडी के लिए कैनेडा चली गई।

फर्जी आईडी बनाकर लिया लड़की का कैनेडा वाला नंबर
लड़की कैनेडा चली गई तो फोन पर बातचीत होनी बंद हो गई। वहां का नंबर लेने के लिए फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर चैटिंग शुरू की थी। चैटिंग के दौरान कैनेडा वाला नंबर मिल गया। कॉल की तो वह नाराज होकर धमकी भरे अंदाज में बोलने लगी। जैसा उसका भाई बोलता था। वह कॉल नहीं उठा रही थी। मन में गुस्सा था कि यह सब कुछ हरप्रीत के कारण हो रहा है। इसलिए दुबई से 23 नवंबर को जालंधर आया। चड्डा कांप्लेक्स में रहते दोस्त की बाइक ली। दोस्त विदेश में है तो उसके घर वाले उसे जानते हैं। बीमार मां हॉस्पिटल से घर लेकर आया।

दीवार फांदकर घर में घुसा

शाम को मामा के घर प्रीत नगर (लाडोवाली रोड) आ गया। आधी रात करीब डेढ़ बजे बाइक पर लद्देवाली के लिए निकला। यहां पर दीवार फांदकर अंदर गया। किचन से चाकू उठाया और हरप्रीत समझ कंबल ओढ़कर सो रही आंटी की गर्दन पर दे मारा। चाकू लगते ही आंटी ने उसके हाथ में काट खाया। फिर डर के मारे दो और चाकू मारे और घर से भाग गया।

ये भी पढ़ें: 9 विधायकों की मौत के बाद खौफ में MLAs, बोले- असेंबली में है वास्तुदोष

कत्ल कर चंडीगढ़, फिर दिल्ली चला गया

चाकू 66 फुटी रोड पर फेंका और बाइक दोस्त के घर के बाहर खड़ी कर सीधा चंडीगढ़ की बस पकड़ी। चंडीगढ़ से बस में दिल्ली चला गया। पहले क्लीन शेव हुआ ताकि कोई पहचान न सके। फैमिली से बात की पता चला कि पुलिस को सब पता चल गया है इसलिए बस से अमृतसर आ गया। पैसे लेने के लिए आ रहा था तो दोमोरिया पुल के पास पुलिस ने पकड़ लिया

Back to top button