फिल्म शोले में कलाकार वीरु की तरह महिला पानी की टंकी पर चढ़ गई, और रख दी ऐसी डिमांड

लोकतंत्र के महापर्व से पहले बबेरु की एक महिला का हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, दो दिन पहले हुई घटना ने प्रशासन को छका कर रख दिया। फिल्म शोले में कलाकार वीरु की तरह महिला पानी की टंकी पर चढ़ गई और गांव वालों के सामने अपनी डिमांड रखने लगी। काफी मान मनौव्वल कर पांच घंटे के बाद महिला को समझा बुझाकर नीचे उतारा जा सका था।
बीते शुक्रवार को जेपी शर्मा इंटर कालेज के परिसर में मुख्यमंत्री की जनसभा थी। इसके कुछ देर पहले कमासिन कस्बे के ग्राम बीरा निवासी 45 वर्षीय महिला मूर्ति सिंह बबेरू तहसील परिसर स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गई। वह शोले फिल्म के नायक वीरु की तरह पानी की टंकी से नीचे कूदने की धमकी देने लगी, उसकी आवाज सुनकर भीड़ लग गई। पुलिस ने पहुंचकर उसे समझाने का प्रयास किया लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हो रही थी। महिला का कहना था कि पहले मुख्यमंत्री से मिलकर समस्याएं बताएगी। मांगों को लेकर उसने कहा, कमासिन में पुराना थाना स्थित उसका आवास वापस दिलाया जाए। पूर्व दर्ज कराए गए मुकदमे वापस लिए जाएं । उसने अपनी आर्थिक बदहाली दूर करने की भी डिमांड रखी थी। सीएम की जनसभा के बाद विधायक व कई भाजपाई ने वहां पहुंचकर समझाने का प्रयास भी किया था। बाद में एसडीएम अरविंद कुमार तिवारी के काफी मान मनौव्वल व उचित कार्रवाई का आश्वासन देने पर तकरीबन पांच घंटे बाद वह नीचे उतरी। एसडीएम ने अपने वाहन से उसे गांव भिजवाया है। एसडीएम का कहना था कि आवास वापस दिलाने की मांग को लेकर जांच कराई जाएगी। मुकदमे वापस के लिए शासन को लिखकर भेज जाएगा।





