फतेहपुर के खागा में पश्चिमी बाईपास पर हाईवे किनारे शव मिलने से फैल गई सनसनी

खागा में पश्चिमी बाइपास पर हाईवे किनारे विवाहिता की हत्या के बाद शव फेंके जाने से गुरुवार की सुबह सनसनी फैल गई। कुछ देर में आसपास के लोगों की भीड़ एकत्र हो गई, पहचान न होने पुलिस ने हत्या का सुराग तलाशना शुरू किया है। हाथ-पैर मुड़े होने से हत्या के बाद कई घंटे तक शव किसी बोरे या कपड़े में बांधे जाने की आशंका बनी है।

बताते चलें कि बीती 16 मई को बदलुवापुर मोड़ पर किशोरी की हत्या के बाद शव फेंक दिया गया था। इस हत्याकांड का खुलासा अभी पुलिस कर नहीं पाई थी कि गुरुवार को पश्चिमी बाईपास पर एक और विवाहिता की हत्या कर शव फेंके जाने से सनसनी फैल गई। दयालपुर गांव जाने वाले रास्ते के किनारे सुबह राहगीरों ने 30 वर्षीय विवाहिता का शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। कुछ देर में ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। सूचना के बाद कोतवाली पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचा।

सीओ अंशुमान मिश्र ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीओ ने बताया कि हत्या करने के बाद शव को यहां फेंका गया है। प्राथमिक छानबीन में लग रहा है कि हत्या दो दिन पहले की गई है। हाथ-पैर मुड़े होने से शंका है कि किसी बोरे या फिर कपड़े में बांध कर रखा गया है। शिनाख्त के लिए आस-पास के ग्रामीणों को मौके पर बुलाया गया है।

Back to top button