फटे होंठों को मुलायम बनाने के लिए 4 असरदार लिप स्क्रब

प्रदूषण, पानी की कमी, ठंडी हवाएं, केमिकल प्रोडक्ट्स आदि के कारण होंठ फटने लगते हैं। ये देखने में बिल्कुल अच्छे नहीं लगते और इनमें दर्द भी होता है। इसलिए होंठों को मुलायम बनाए रखने के लिए एक्सफोलिएट करना जरूरी है। आइए जानें होंठों को दोबारा मुलायम बनाने के लिए 4 नेचुरल लिप स्क्रब्स।
सर्दियों का मौसम हो या गर्मी का, फटे होंठ एक आम समस्या है, जो न सिर्फ देखने में खराब लगती है, बल्कि दर्द का कारण भी बनती है। ड्राईनेस, धूप, ठंडी हवा, शरीर में पानी की कमी, या फिर कुछ केमिकल वाले लिप प्रोडक्ट्स के इस्तेमाल से होंठ फटने लगते हैं।
ऐसे में केवल लिप बाम लगाना काफी नहीं होता। होंठों की डेड स्किन को हटाकर उन्हें दोबारा मुलायम और स्वस्थ बनाने के लिए लिप स्क्रब एक बेहतरीन उपाय है। बाजार में मिलने वाले स्क्रब (Natural Lip Scrubs) में ऐसे केमिकल हो सकते हैं जो होंठों को और नुकसान पहुंचाएं। इसलिए आज हम आपको बताएंगे घर पर बनने वाले 4 नेचुरल और असरदार लिप स्क्रब के बारे में।
चीनी और शहद का स्क्रब
यह सबसे पॉपुलर और आसानी से बनने वाला लिप स्क्रब है। चीनी एक नेचुरल एक्सफोलिएंट का काम करती है जो होंठों के डेड स्किन सेल्स को हटाती है। वहीं, शहद एक नेचुरल मॉइस्चराइजर और एंटीबैक्टीरियल एजेंट है, जो होंठों को नमी और सुरक्षा देता है।
बनाने की विधि- एक छोटी कटोरी में एक चम्मच चीनी और आधा चम्मच शहद लें। इन्हें अच्छी तरह मिलाकर एक पेस्ट बना लें। अब इस मिश्रण को अपनी उंगली की मदद से होंठों पर 2-3 मिनट के लिए हल्के हाथों से सर्कुलर मोशन में मसाज करें। फिर गुनगुने पानी से धो लें। इसके बाद जरूर लिप बाम लगाएं।
कॉफी और नारियल तेल का स्क्रब
अगर आपके होंठ बहुत ज्यादा रुखे और फटे हुए हैं, तो यह स्क्रब आपके लिए परफेक्ट है। कॉफी के महीन दाने डेड स्किन को अच्छे से हटाते हैं और ब्लड सर्कुलेशन बढ़ाते हैं। नारियल तेल गहराई से नमी देकर होंठों को मुलायम बनाता है।
बनाने की विधि- एक चम्मच बारीक पिसी हुई कॉफी में आधा चम्मच नारियल तेल मिलाएं। अगर मिश्रण ज्यादा गाढ़ा लगे तो थोड़ा और तेल मिला सकते हैं। इस स्क्रब को होंठों पर 3-4 मिनट तक लगाकर रखें और फिर हल्के हाथों से रगड़ कर धो लें।
दही और बेसन का स्क्रब
अगर फटे होंठों के साथ-साथ आप होंठों की डार्कनेस से भी परेशान हैं, तो यह स्क्रब कारगर साबित होगा। दही में लैक्टिक एसिड होता है जो हल्के एक्सफोलिएशन का काम करता है और होंठों की रंगत को हल्का करता है। बेसन डेड स्किन को साफ करने में मदद करता है।
बनाने की विधि- एक चम्मच बेसन में दो चम्मच दही मिलाएं। इस पेस्ट को होंठों पर लगाएं और सूखने दें। जब यह सूख जाए, तो गीली उंगलियों की मदद से हल्के-हल्के रगड़ते हुए हटा दें। इससे होंठों की डेड स्किन आसानी से निकल जाएगी।
गुलाबजल और बादाम तेल का स्क्रब
जिन लोगों के होंठ बहुत ज्यादा सेंसिटिव हैं और आसानी से जलन महसूस करते हैं, उनके लिए यह स्क्रब बेहद कोमल और फायदेमंद है। गुलाबजल सूदिंग और कूलिंग प्रभाव देता है, जबकि बादाम का तेल विटामिन-ई से भरपूर होता है जो होंठों को पोषण और नमी देता है।
बनाने की विधि- एक चम्मच चीनी में थोड़ा-थोड़ा गुलाबजल और बादाम तेल मिलाकर एक हल्का पेस्ट तैयार कर लें। इसे होंठों पर बहुत ही हल्के हाथों से एक मिनट तक मसाज करें और फिर पानी से धो लें।





