प्रियंका ने कहा – 12,460 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों की नियुक्ति कराएं सीएम

लखनऊ। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर 12,460 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों की जल्द नियुक्ति की मांग की है। इससे पहले प्रियंका गांधी ने शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों से वीडियो कांफ्रेंसिंग पर संवाद किया था।

पत्र में प्रियंका ने कहा है कि उत्तर प्रदेश का युवा परेशान और हताश है। कुछ दिनों पहले ही उन्होंने 12,460 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग पर बातचीत की थी। इसमें 24 जिले शून्य जनपद घोषित थे। अर्थात इन 24 जिलों में कोई जगह नहीं खाली थी। मगर, अन्य जिलों की भर्तियों के लिए इन बच्चों ने मेरिट में स्थान प्राप्त किया। काउंसलिंग में हिस्सा लिया, इनको विद्यालय आवंटित हुए, नियुक्ति पत्र भी छपा, लेकिन, मिला नहीं।
कांग्रेस महासचिव ने कहा कि अब तीन साल गुजर जाने के बाद भी इन प्रतिभावान युवाओं की नियुक्ति नहीं हो पाई है। ऐसे में यह युवा मजबूरी में कोर्ट कचहरी के चक्कर काट रहे हैं। इनमें से कई ऐसे हैं, जिनके जीवन संघर्ष से भरे हैं। इनकी दर्दनाक कहानी सुनकर मुझे बहुत दुख हुआ। मैं समझ नहीं पा रही हूं कि सरकार ने इनके प्रति एक आक्रामक और निर्मम स्वभाव क्यों अपनाया है, यही उत्तर प्रदेश का भविष्य बनाने वाली पीढ़ी है और सरकार इनके प्रति जवाबदेह है।
प्रियंका गांधी ने मुख्यमंत्री से कहा कि युवा परेशान हैं। कोरोना महामारी इनके ऊपर और भी कहर बरपा रही है। एक तो इन्हें नौकरी नहीं मिल रही है, ऊपर से इस महामारी में उनके सामने गहरा आर्थिक संकट खड़ा हुआ है। कई अभ्यर्थी तो भयानक अवसाद में हैं। उनके ऊपर घर के नमक, तेल और राशन का भी बोझ है। प्रियंका ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि मानवीय संवेदनाओं को देखते हुए और युवाओं के रोजगार का हक का सम्मान करते हुए इन 24 जनपद के अभ्यर्थियों की नियुक्ति करायी जाए।
The post प्रियंका ने कहा – 12,460 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों की नियुक्ति कराएं सीएम appeared first on Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper.

Back to top button