प्रयागराज : सपा की नई कार्यकारिणी, योगेश जिलाध्यक्ष और इफ्तेखार बने महानगर अध्यक्ष

प्रयागराज। समाजवादी पार्टी की जिला एवं महानगर अध्यक्षों की घोषणा सोमवार देर शाम कर दी गई है। जिसमें योगेश यादव को जिलाध्यक्ष तथा सैयद इफ्तेखार हुसैन को महानगर अध्यक्ष बनाया गया है।
सपा के मीडिया प्रभारी दान बहादुर ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की अनुमति से नई जिला कार्यकारिणी में अध्यक्ष पद पर योगेश यादव को मनोनीत किया है। वहीं महानगर अध्यक्ष पद पर सैयद इफ्तेखार हुसैन को पुनः पदासीन किया गया है। योगेश यादव लंबे अरसे से महानगर महासचिव का पद संभाल रहे थे। नई जिला कार्यकारिणी में संदीप सिंह पटेल को जिला महासचिव, रामसुमेर पाल एवं अनिल कुमार यादव को जिला उपाध्यक्ष बनाया गया है।
गौरतलब है कि एक वर्ष पहले ही जिला एवं महानगर इकाई भंग कर दी गई थी। सपा के जिला प्रवक्ता दान बहादुर मधुर ने जानकारी देते हुए बताया है कि जिला एवं महानगर अध्यक्ष अपनी नई कार्यकारिणी का शीघ्र ही गठन करेंगे।





