प्रधानमंत्री मोदी ने दी शिवाजी महाराज को श्रद्धांजलि

महाराष्ट्र में छत्रपति शिवाजी महाराज को पूजा जाता है। आज शिवाजी महाराज की जयंती है। इस मौके पर प्रधानमंत्री से लेकर तमाम नेता उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं और उनकी वीरता की कहानियों के याद कर रहे हैं। मराठा योद्धा राजा का जन्म 1630 में पुणे जिले की जुन्नार तहसील में स्थित शिवनेरी में हुआ था। इस मौके पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार ने पुणे के शिवनेरी किले में छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट करके लिखा “छत्रपति शिवाजी महाराज ने जन-जन के कल्याण को सदैव सर्वोपरि रखा और उनकी सुरक्षा के लिए स्वयं को समर्पित कर दिया। इसलिए उनका जीवन आज भी भारतवर्ष के लिए पथ-प्रदर्शक बना हुआ है।”

इस मौके पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी सहित पार्टी नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा शौर्य की प्रतिमूर्ति छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती पर उन्हें सादर नमन। शिवाजी महाराज वीरता, दूरदर्शिता और न्यायप्रिय नेतृत्व के अद्वितीय प्रतीक हैं। उनका जीवन दर्शन और साहस हमें आज भी अन्याय के खिलाफ लड़ने की प्रेरणा देता है।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने लिखा महापराक्रमी शूरवीर योद्धा, अद्भुत साहस एवं शौर्य के पर्याय, मराठा साम्राज्य के संस्थापक, कुशल प्रशासक, भारतवर्ष के प्रेरणास्रोत, छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन।

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने लिखा वीरता, शौर्य, साहस, लोककल्याण एवं न्यायप्रियता के प्रतीक छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती पर उन्हें सादर नमन। शिवाजी महाराज ने देश को सामाजिक न्याय, उदारता एवं सर्वधर्म समभाव का रास्ता दिखाया। उनके आदर्श आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करते रहेंगे।

Back to top button