पुलवामा अटैक: अगर टीम इंडिया विश्वकप 2019 में पाकिस्तान के खिलाफ नहीं खेलेगी तो क्या होगा?

14 फरवरी भारत के इतिहास का काला दिन बन चुका है। हो भी क्यों न। जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में आतंकियों ने सीआरपीएफ के काफिले पर आत्मघाती हमला किया। इस कायराना हरकत में देश ने अपने 40 सपूतों को गंवा दिया।पुलवामा अटैक: अगर टीम इंडिया विश्वकप 2019 में पाकिस्तान के खिलाफ नहीं खेलेगी तो क्या होगा?

तभी से देश का माहौल बदल चुका है। हर हिंदुस्तानी के दिल में पाकिस्तान के खिलाफ बदले की आग भभक रही है। नागरिक पाकिस्तान से हर तरह के रिश्ते खत्म करने की मांग कर रहे हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या भारतीय टीम इस साल विश्वकप में पाकिस्तान के खिलाफ मैच खेलेगी?

फिलहाल यह कहना बेहद मुश्किल होगा कि भारतीय टीम पाकिस्तान से खेलेगी या नहीं। अगर कुछ दिन में हालात स्थिर नहीं होते तो शायद बीसीसीआई कोई बड़ा फैसला ले सकती है। वैसे टीम इंडिया के कप्तान समेत किसी भी खिलाड़ी की ओर से इस मुद्दे पर कोई बयान नहीं आया है। यहां तक की बीसीसीआई ने भी गेंद सरकार के पाले में डाल दी। ऐसे में सवाल उठता है कि अगर भारतीय टीम पाकिस्तान के खिलाफ मैच नहीं खेलती है तो क्या होगा?

क्या है टूर्नामेंट का फॉर्मैट?

विश्वकप 2019 का फॉर्मट हर बार से थोड़ा जुदा है। इस विश्वकप में हिस्सा ले रही 10 टीम को ग्रुप में नहीं बांटा गया है। यानी सभी टीमें एक-दूसरे के खिलाफ मैच खेलेंगी। ऐसे में एक टीम को 9 मैच खेलने का मौका मिलेगा। टॉप चार टीमों की एंट्री नॉकआउट दौर में होंगी। ठीक ऐसा ही फॉर्मैट 1992 के विश्वकप में रखा गया था। आइए आगे जानते हैं अगर पाकिस्तान के खिलाफ टीम इंडिया खेलने से इनकार कर देती है तो क्या होगा?

इस बार विश्वकप का एक-एक मैच हर टीम के लिए अहम होने वाला है। किसी भी टीम के लिए एक भी हार टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता दिखा सकती है। टीम इंडिया का पाकिस्तान के खिलाफ न खेलने का मतलब होगा अपने से कमजोर समझी जाने वाली पाकिस्तान को बैठे-बिठाए अंक दे देना। मगर भारतीय टीम चाहे तो बाकी के 8 मुकाबलों में जीत हासिल कर ही आसानी से आखिरी चार में जगह बना सकती है।

भारत-पाकिस्तान के बीच मुकाबला 16 जून को मैनचेस्टर में होगी। इससे पहले टीम इंडिया दक्षिण अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के साथ मैच खेल चुकी होगी। ऐसे में अगर शुरुआती मुकाबलों में टीम इंडिया को जीत मिल जाती है तो फिर भारतीय टीम देश की प्रतिष्ठा को सर्वोपरी रखते हुए पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले का बहिष्कार कर सकती है।

क्या ICC लेगा एक्शन?

अगर भारत अपने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ विश्वकप में नहीं खेलता है तो न सिर्फ आईसीसी की कमाई पर फर्क पड़ेगा बल्कि क्रिकेट फैंस जोरदार टकराव भी नहीं देख पाएंगे। इसके इतर अलग नियम-कायदों की बात करें तो आईसीसी भारतीय टीम पर जुर्माना भी लगा सकती है। सबसे बुरे हालातों में टीम इंडिया पर बैन भी लगाया जा सकता है।

Back to top button