पुणे: खुद को ‘महादेव’ बताने वाला ढोंगी बाबा गिरफ्तार

महाराष्ट्र में धर्म और अध्यात्म की आड़ में महिलाओं का शोषण करने वाले एक और स्वयंभू ‘बाबा’ के पाप का घड़ा भर गया है। महाराष्ट्र के पालघर जिले से ताल्लुक रखने वाले ढोंगी बाबा ऋषिकेश वैद्य को पुणे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर एक 35 वर्षीय महिला के साथ नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने और अश्लील तस्वीरों के जरिए उसे ब्लैकमेल करने का गंभीर आरोप है।

पुलिस के अनुसार, पालघर में एक सामाजिक संगठन चलाने वाले 40 वर्षीय ऋषिकेश वैद्य का संपर्क पीड़िता से वर्ष 2023 में फेसबुक के माध्यम से हुआ था। धीरे-धीरे उसने महिला का विश्वास जीता और खुद को आध्यात्मिक गुरु के रूप में पेश किया। दिसंबर 2023 में आरोपित पुणे पहुंचा और महिला को यह कहकर भ्रमित किया कि मैं साक्षात शिव (शंकर) हूं और तुम मेरी पार्वती हो।

पीड़िता को लगातार ब्लैकमेल
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, आरोपित महिला को पुणे के मंजरी इलाके में स्थित एक लॉज में ले गया। वहां उसने महिला को कोई नशीला पदार्थ पिलाया, जिससे वह बेहोश हो गई। बेसुध हालत में आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और उसकी अश्लील तस्वीरें व वीडियो भी बना लिए।

इन्ही तस्वीरों के आधार पर वह पीड़िता को लगातार ब्लैकमेल करता रहा। आरोपी ने मई 2025 में पीड़िता को वसई (पालघर) के एक होटल में बुलाकर दोबारा यौन उत्पीड़न का प्रयास किया था।

लंबे समय तक खौफ में रही पीड़िता ने तब पुलिस के पास जाने का साहस जुटाया, जब हाल ही में नासिक में एक अन्य ढोंगी बाबा अशोक खरात की गिरफ्तारी की खबरें सामने आईं।

जीरो एफआईआर दर्ज
पीड़िता ने महसूस किया कि ऐसे पाखंडियों का बेनकाब होना जरूरी है। उसने पहले पालघर के माणिकपुर पुलिस स्टेशन में ‘जीरो एफआईआर’ दर्ज कराई, जिसे बाद में जांच के लिए पुणे के हडपसर पुलिस स्टेशन स्थानांतरित कर दिया गया। इसके बाद पुणे पुलिस की टीमों ने जाल बिछाकर आरोपी को पुणे के पिंपरी इलाके से धर दबोचा।

हालांकि, आरोपित ने इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट कर खुद को निर्दोष बताया है, लेकिन पुलिस ने अपने पास उसके खिलाफ पुख्ता सबूत होने का दावा किया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या ऋषिकेश वैद्य ने ‘अध्यात्म’ के नाम पर अन्य महिलाओं को भी अपना शिकार बनाया है।

ढोंगी बाबाओं के झांसे की शिकार महिलाएं
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे ऐसे अंधविश्वास और ढोंगी बाबाओं के झांसे में न आएं। इसी बीच नासिक से पकड़े गए स्वयंभु बाबा अशोक खरात पर दो नए केस भी दर्ज कर लिए गए हैं।

अब तक उस पर कुल 10 प्राथमिकी दर्ज हो चुकी हैं। इनमें से आठ महिलाओं के शोषण की और दो धोखाधड़ी की हैं। महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने एक बयान में कहा है, कि ऐसे स्वयंभु बाबा को खुलेआम फांसी दे देनी चाहिए।

Back to top button