पीएलए ने अरुणाचल से पांच युवकों को किया अगवा, लोगों में दहशत, बढ़ा तनाव

गुवाहाटी । पूर्वी लद्दाख में भारत और चीन के बीच एलएसी पर तनाव जारी है। इस बीच अरुणाचल प्रदेश के ऊपरी सुबनसिरी जिले से तागिन समुदाय के पांच लोगों का चीन की पीपुल्स लिब्रेशन आर्मी ने अपहरण कर लिया है। इन्हें जिले के नाचो सर्कल के पास भारत-तिब्बत सीमा क्षेत्र से अगवा किया गया है। यह इलाका केंद्रीय खेल राज्य मंत्री किरण रिजीजू के संसदीय क्षेत्र में आता है।
बताया गया है कि तोच सिगंकाम, प्रशांत रिंगलिंग, दोंगतू इबिया, तानू बाकर और गारु दिरी अपने दो अन्य साथियों के साथ इलाके में हमेशा की तरह शिकार की तलाश में गए थे। इसी बीच चीनी सेना की वर्दी में कुछ जवान भारतीय इलाके में चोरी-छिपे आए और उक्त पांचों युवकों को पकड़कर अपने साथ ले गए। दो युवक मौके से भाग निकलने में सफल रहे, जिन्होंने घर पहुंचने के बाद गांव के बुजुर्गों और युवकों के परिजनों को इस बारे में बताया।अपह्रत युवकों के परिजनों ने स्थानीय प्रशासन और भारतीय सेना को मामले से अवगत कराते हुए युवकों को चीनी सेना के चंगुल से छुड़ाने की मांग की है।
इससे पहले भी इस तरह की घटनाएं अरुणाचल प्रदेश के भारत-तिब्बत सीमाई इलाके में हुई हैं। हाल ही में एक अरुणाचली नागरिक को चीनी सेना अपने साथ ले गयी थी, लेकिन कुछ दिनों के बाद उस युवक को वापस छोड़ दिया था। इस घटना से सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों के बीच डर का माहौल है। ईस्ट अरुणाचल प्रदेश सीट से कांग्रेस विधायक निनॉन्ग ईरिंग ने केंद्र सरकार से नागरिकों को छुड़ाने का अनुरोध किया ।
उल्लेखनीय है कि चीन के साथ जारी तनाव के चलते अरुणाचल प्रदेश के सीमावर्ती इलाकों में भी पूरी तरह से चौकसी बरती जा रही है। इसके बावजूद चीनी सेना भारतीय इलाकों में घुसपैठ करते है। इसकी जानकारी स्थानीय लोग भारतीय प्रशासन को देते रहते हैं। लद्दाख में भारत से मुंह की खाने के बाद चीन की सेना बेहद परेशान है। इसलिए अपनी खीझ मिटाने के लिए अरुणाचल के युवकों का अपहरण किया है। संभव है कि इन युवकों का अपहरण भारतीय सेना की तैयारियों की जानकारी हासिल करने के लिए किया गया हो।
The post पीएलए ने अरुणाचल से पांच युवकों को किया अगवा, लोगों में दहशत, बढ़ा तनाव appeared first on Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper.





