पाक सेना को लगातार निशाना बना रहे बलूच विद्रोही

बलूच विद्रोहियों ने मंगलवार रात आइइडी हमले में एक मेजर समेत तीन पाकिस्तानी सैनिकों की हत्या कर दी। तीन अन्य सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गए। बलूच लिबरेशन आर्मी ने हमले की जिम्मेदारी ली है।
हमले में मारे गए सैनिकों की हुई पहचान
घटना स्थानीय समयानुसार रात लगभग 8:00 बजे हुई। एक बुलेटप्रूफ सैन्य वाहन पर इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आइईडी) से हमला किया गया। हमले में मारे गए सैनिकों की पहचान मेजर रिजवान, नायब सूबेदार अमीन और लांस नायक यूनिस के रूप में हुई है।
पाकिस्तानी सेना ने अभी नहीं दी कोई प्रतिक्रिया
बीएलए प्रवक्ता जीयंद बलूच ने कहा कि समूह ने इलाके में एक खुफिया जानकारी पर आधारित अभियान चलाया गया। मेजर रिजवान के काफिले को निशाना बनाने के लिए रिमोट कंट्रोल से नियंत्रित आइईडी का इस्तेमाल किया गया था। पाकिस्तानी सेना ने अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया जारी नहीं की है।
जुलाई के मध्य से अब तक कई हमले हुए
द बलूचिस्तान पोस्ट के अनुसार, जुलाई के मध्य से अलग-अलग घटनाओं में मेजर रैंक के चार सैन्य अधिकारी मारे गए हैं। वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों को लगातार निशाना बनाना इस बात का संकेत है कि बलूच विद्रोही ने संचालनात्मक और खुफिया क्षमताएं बढ़ा ली हैं। हमलों का उद्देश्य पाकिस्तानी सेना पर मनोवैज्ञानिक दबाव बनाना है।