परिवारिक विवाद में हुआ ऐसा घमासान,की गर्भवती को पीट-पीटकर मार डाला

राजधानी में मामूली विवाद को लेकर दो पक्ष के लोग आपस में भिड़ गए। कहासुनी अचानक मारपीट में बदल गई। आरोप हे कि विवाद में पड़ोसियों ने एक छह महीने की गर्भवती महिला को पीटकर मार डाला। वहीं, पुलिस ने पति की तहरीर पर गैरइरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। 
ऐसे शुरु हुआ विवाद …
मामला विभूतिखंड थानाक्षेत्र का है। यहां मूलरूप से बहराइच के वसंतपुर गांव निवासी शुभम सिंह अपनी पत्नी आरती सिंह के साथ झुग्गी-झोपड़ी में रहता था। पास में ही अंडे का ठेला लगाकर जीवन यापन कर रहा है। शनिवार को ठेला लगाने को लेकर पड़ोसी हुकम सिंह उर्फ सुरेश सिंह के बेटे नरेश सिंह की शुभम से कहासुनी हो गई। इसके बाद नरेश ने घर जाकर पिता हुकुम को घटनाक्रम बढ़ा चढ़ाकर बताया। इसपर गुस्से में हुकुम पत्नी मीनू सिंह को लेकर शुभम के वहां पहुंच गया। आरोप है कि आरती के विरोध पर उसकी लात-घूसों से जमकर पिटाई कर दी। वो छह महीने की गर्भवती थी। इसके बाद शुभम आरती को घायल अवस्था में राममनोहर लोहिया अस्पताल ले गया, जहां हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। अगले दिन रविवार की सुबह उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
क्या कहना है पुलिस का ?
इंस्पेक्टर विभूतिखंड राजीव द्विवेदी के मुताबिक, दोनों पक्ष के लोगों के बीच अंडे का ठेला लगाने को लेकर विवाद हुआ था। पति की तहरीर पर आरोपित दंपती पर विभूतिखंड थाने में गैरइरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज हुई है। आरोपित फरार हैं, उनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस पर मामले को निपटाने का आरोप
घटना के बाद से आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर पीडि़त परिवार में आक्रोश है। उनका कहना है कि पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज न करके मामले को हल्का करने के लिए गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।





