पटना में एक पूर्व वार्ड पार्षद की दिन-दहाड़े गोली मारकर कर दी हत्या, पढ़े पूरी खबर

पटना में फिर बड़ी वारदात हुई है। यहां के पत्रकार नगर थाना स्थित चित्रगुप्त नगर में दिन-दहाड़े पटना नगर निगम के पूर्व वार्ड पार्षद नागेश्वर राय की हत्या उनके घर के दरवाजे पर ही गोली मारकर कर दी गई। वारदात उस वक्त हुई जब नागेश्वर सैलून से दाढ़ी बनवाकर घर लौटे थे। हत्यारों का सीसीटीवी फुटेज मिल गया है।
इस बीच वार्ड पार्षद की हत्या के बाद स्थानीय लोगों ने स्थानीय बाईपास को जाम कर दिया। आक्रोशित भीड़ ने कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए तथा पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सड़क पर घंटों हंगामा व आगजनी का दौर चला।
सीसी कैमरे में कैद हुई वारदात
रविवार सुबह हुई वारदात के बाद राजधानी में दहशत का माहैल है। वारदात से कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। घटना को अंजाम देने वाले अपराधियों की तस्वीर सामने आ गई है। सीसी कैमरे से पीछे की ओर से दिख रहे अपराधी वारदात को अंजाम देकर भागते हुए दिख रहे हैं। बाइक पर दो लोग बैठे हैं। चालक हेलमेट लगाए हुए है। जबकि, एक युवक पीछे बैठा है।
घर के दरवाजे पर मारी गोली, निकल भागे
रविवार अपराह्न करीब 11 वार्ड संख्या 72 के पूर्व पार्षद नागेश्वर राय निकटवर्ती सैलून से दाढ़ी बनवाकर घर लौटे थे। वे घर के बाहर दरवाजे तक ही पहुंचे थे कि पहले से घात लगाए बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी। इसके बाद अपराधी बाइक से फरार हो गए। स्थानीय लोग नागेश्वर राय को नजदीकी अस्पताल में ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सड़क जाम, पुलिस के खिलाफ नारेबाजी
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बवाल शुरू कर दिया। उन्होंने कांटी फैक्ट्री बाईपास पर वाहनों की आवाजाही रोक दी। उन्होंने सड़क पर आगजनी व पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। सड़क पर जाम की स्थिति बन गई।
घटना के बाद तनाव, पुलिस व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। शहर के व्यस्त इलाके में दिन-दहाड़े गोली मारकर अपराधियों के निकल भागने को पुलिस व्यवस्था के नकारापन से जोड़ा जा रहा है। घटना ने कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।





