पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय संबल पखवाड़ा 24 जून से 9 जुलाई तक, सीएम भजनलाल शर्मा की बड़ी पहल

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जनहित को सर्वोपरि रखते हुए पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय संबल पखवाड़ा की घोषणा की है। यह पखवाड़ा 24 जून से 9 जुलाई 2025 तक आयोजित किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न विभाग राज्य के अंतिम व्यक्ति तक सेवाएं पहुँचाने का कार्य करेंगे। मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री आवास से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रदेश भर के एसीएस, शासन सचिव, सचिवों, संभागीय आयुक्तों और जिला कलेक्टरों से संवाद कर दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री का विजन: अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे सरकार की सेवा
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि यह पखवाड़ा प्रदेश के प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी के लिए जनता के कार्यों को प्राथमिकता देने का अवसर है। सभी विभागों को जनहित से जुड़े मामलों का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रमुख विभागीय कार्य
राजस्व विभाग: लंबित नोटिसों की तामील, पत्थर घड़ी व सीमाज्ञान प्रकरणों का समाधान, नामांतरण प्रकरणों का त्वरित निस्तारण।

वन विभाग: पौधों का वितरण व हरियालो राजस्थान अभियान के तहत व्यापक पौधारोपण।

खाद्य विभाग: NFSA के तहत लंबित प्रकरणों का निस्तारण, आधार सीडिंग, ई-केवाईसी एवं नवीन पात्र परिवारों को योजना से जोड़ना।

शिक्षा विभाग: विद्यालय परिसरों की सफाई, अनुपयोगी व जर्जर सामग्री का निस्तारण, प्रवेशोत्सव, स्कूलों का क्रमोन्नयन, नए संकाय प्रारंभ करना और स्कूटी वितरण।

ऊर्जा विभाग: बिजली के झूलते तारों को व्यवस्थित करना तथा तारों से संपर्क में आने वाले पेड़ों की छंटाई।

जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी व जल संसाधन विभाग: लंबित जल कनेक्शन जारी करना, पानी की टंकियों की सफाई, नहरी क्षेत्रों में विवादों का समाधान।

अन्य विभाग भी होंगे सक्रिय
मुख्यमंत्री ने पशुपालन, उच्च शिक्षा, स्वायत्त शासन, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, पंचायतीराज सहित अन्य विभागों को भी इस पखवाड़े के दौरान विशेष अभियान चलाकर लंबित कार्यों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।

Back to top button