पंजाब में बुजुर्ग महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, गहने और फोन मिले गायब

पंजाब में एक बुजुर्ग महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला अपने घर में मृत अवस्था में मिली। वहीं, महिला के गहने और फोन भी गायब मिले हैं।
जालंधर के पॉश एरिया मोता सिंह नगर में घर में अकेली बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी गई। घर से बुजुर्ग महिला के पहने हुए गहने और और मोबाइल गायब हैं। सूचना के बाद पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। जिला भाजपा के महामंत्री अशोक सरीन हिक्की ने बताया कि उनकी ताई विनोद कुमारी उम्र 69 साल घर में मृत पाई गई।
विनोदी कुमारी का पति सेन दुग्गल शाम साढ़े पांच बजे के करीब बाजार से सामान लेने के लिए गया था। जब वह घर वापस लौटा तो 10 से 15 मिनट तक बेल बजाई पर अंदर से कोई आवाज नहीं आई। वहीं, मौके पर मौजूद युवक ने दरवाजा खोला और जब अंदर गए तो देखा कि विनोद कुमारी जमीन पर पड़ी हुई थी। उन्होंने तुरंत अपने भतीजे और भाजपा नेता अशोक सरीन हिक्की को फोन किया।
जब वह घर पहुंचे और बुजुर्ग महिला को लेकर अस्पताल गए तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जब आसपास की महिलाएं पहुंचीं तो उन्होंने देखा कि महिला के गले से सोने की चेन और मोबाइल गायब मिला।
इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस आसपास के कैमरे चेक कर रही है क्योंकि दंपति के घर में सीसीटीवी कैमरे नहीं थे। भाजपा नेता हिक्की ने बताया कि उनके ताया और ताई काफी समय से घर में अकेले रह रहे थे। उनके दोनों बेटे ऑस्ट्रेलिया में रहते हैं। वह अक्सर उनसे मिलने आया करते थे। सारी वारदात महिला के पति के बाजार जाने के बाद हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। घर का ऊपर का दरवाजा खुला पाया गया है। फिलहाल फोरेंसिक टीम मामले की जांच कर रही है।