पंजाब में बाढ़ से सात लाख लोग बेघर, 13800 करोड़ का नुकसान

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि राज्य में भारी बारिश और नदियों में आई बाढ़ ने व्यापक तबाही मचाई है। अब तक 2300 गांव पूरी तरह बाढ़ की चपेट में आ चुके हैं। करीब 7 लाख लोग बेघर हो गए हैं, जबकि 20 लाख लोग प्रभावित हुए हैं।

सीएम मान ने इस आपदा को पंजाब के लिए सबसे मुश्किल इम्तिहान की घड़ी बताते हुए मिशन चढ़दी कलां की शुरुआत करने का एलान किया है। उन्होंने उद्योगपतियों, चैरिटेबल ट्रस्टों, कलाकारों और आम नागरिकों से अपील की है कि राज्य के पुनर्निर्माण और प्रभावित लोगों के पुनर्वास में बढ़-चढ़कर योगदान दें। मान ने भरोसा दिलाया कि राहत और पुनर्वास कार्यों के लिए दान की गई हर राशि पारदर्शी तरीके से खर्च की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि लोग rangla.punjab.gov.in वेबसाइट पर जाकर बाढ़ राहत और मिशन चढ़दी कलां से जुड़ी सभी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। बाढ़ के कारण 8500 किलोमीटर सड़कों का जाल टूटकर बर्बाद हो गया है, वहीं 2500 पुल और संपर्क मार्ग बह गए हैं। शिक्षा क्षेत्र भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है। 3200 स्कूल और 19 कॉलेज खंडहर में तब्दील हो चुके हैं। इसके अलावा 1400 क्लीनिक और अन्य भवनों को भी नुकसान पहुंचा है। अब तक की रिपोर्ट में 56 लोगों की मौत दर्ज की गई है, जबकि शुरुआती आकलन के अनुसार 13,800 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।

मान ने कहा कि पानी उतरने के बाद जब विस्तृत सर्वे किया जाएगा, तो यह आंकड़ा और बढ़ सकता है। उन्होंने कहा कि पंजाब हमेशा संकटों से डटकर लड़ा है और इस बार भी राज्य नई ऊर्जा और उत्साह के साथ खड़ा होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button