पंजाब में धुंध का कहर: मोगा में भिड़े कई वाहन, बाइक सवार की माैत

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि घने कोहरे और उच्च प्रदूषण के कारण वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें और स्वास्थ्य प्रभावित होने पर चिकित्सकीय परामर्श लें।
पंजाब में ठंड और कोहरे का कहर जारी है। मोगा में घने कोहरे के कारण एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया।
कोट ई सेखा मंडी के पास ट्राला, दूध का कंटेनर, कार और मोटरसाइकिल के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में मोटरसाइकिल सवार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कार सवार 3–4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घना कोहरा हादसे की वजह बताया जा रहा है।
वीरवार को अमृतसर व हलवारा में दृश्यता शून्य दर्ज की गई, जबकि लुधियाना में 50 मीटर और पटियाला में 100 मीटर दृश्यता रही।
मौसम विभाग ने आने वाले चार दिन पंजाब में कई जगहों पर घने से बेहद घना कोहरा पड़ने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इससे ठंड में और इजाफा होगा। फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा लेकिन शनिवार से वेस्टर्न हिमालयन रीजन से आने वाला नया पश्चिमी विक्षोभ कुछ क्षेत्रों में बादल ला सकता है।
गुरदासपुर सबसे ठंडा
गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री दर्ज किया गया। यह राज्य में सबसे ठंडा रहा। पंजाब के अधिकतर क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर रहा। अमृतसर 8.7°, लुधियाना 8.4°, पटियाला 7.7°, पठानकोट 6.2°, बठिंडा 8.2° और रूपनगर 10.0° पर रहा। अधिकतम तापमान सामान्य के करीब दर्ज किया गया, मानसा में 26.2°, बठिंडा 23.4°, फरीदकोट 24.9° तक रहा।
प्रदूषण का स्तर चिंता का विषय
पंजाब में प्रदूषण कम होने का नाम नहीं ले रहा। वीरवार को रूपनगर का एक्यूआई 280 (खराब श्रेणी) रहा। अन्य पांच शहरों का एक्यूआई येलो जोन में दर्ज हुआ। खन्ना का एक्यूआई 190, पटियाला 144, जालंधर 129, लुधियाना 108 और अमृतसर का एक्यूआई 103 दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, कोहरे के कारण धूल के कण जम रहे हैं। बारिश न होने से प्रदूषण स्तर लगातार बढ़ रहा है। यह स्थिति विशेषकर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों के लिए खतरनाक है।





