पंजाब में कोहरे से घटी दृश्यता: हवाई संचालन प्रभावित, अमृतसर से दुबई की फ्लाइट रद्द

उत्तर भारत में बढ़ती सर्दी और घने कोहरे का असर अब हवाई यातायात पर भी गहराने लगा है। मंगलवार को श्री गुरु रामदास अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम रही, जिसका सीधा असर उड़ानों के संचालन पर पड़ा।

सबसे ज्यादा दिक्कत दुबई से आने वाली फ्लाइट को झेलनी पड़ी जिसे मौसम में सुधार न होने के चलते रद्द करना पड़ा। इसके चलते यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। एयरलाइन ने प्रभावित यात्रियों को अगली उपलब्ध उड़ान में एडजस्ट करने या रिफंड देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

दूसरी ओर, घरेलू और अंतरराष्ट्रीय कई उड़ानें अपने निर्धारित समय से काफी देरी से रवाना हुईं। कोहरे के कारण सुबह से ही उड़ानों का शेड्यूल बिगड़ा रहा। इंडिगो की अहमदाबाद जाने वाली फ्लाइट लगभग 11 बजे रवाना हो सकी। वहीं, श्रीनगर के लिए इंडिगो की 6ई6164 सुबह 08:05 बजे और 6ई6288 दोपहर करीब 13:15 बजे उड़ान भरी। एयर इंडिया एक्सप्रेस की शारजाह के लिए सुबह 06:50 बजे देरी से रवाना हुई। इसके अलावा अन्य कई उड़ानों में भी देरी दर्ज की गई, जिससे यात्रियों को प्रतीक्षा कक्ष में घंटों इंतजार करना पड़ा।

अधिकारियों का कहना है कि सर्दी और कोहरे में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। ऐसे में आने वाले दिनों में उड़ानों के सामान्य संचालन पर और असर पड़ सकता है।

कोहरे से पटियाला में दृश्यता 500 मीटर रही
पंजाब में मंगलवार को भी हल्का कोहरा पड़ा जिससे पटियाला में सुबह दृश्यता 500 मीटर, अमृतसर में 700 मीटर और लुधियाना में 800 मीटर दर्ज की गई। पंजाब के न्यूनतम तापमान में एक डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई। लुधियाना, पटियाला व बठिंडा का पारा सामान्य के नीचे बना हुआ है। सबसे कम 6.2 डिग्री का न्यूनतम पारा फरीदकोट का दर्ज किया गया।

पंजाब के अधिकतम तापमान में भी 0.5 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई। लेकिन अभी यह सामान्य के पास बना है। अमृतसर व लुधियाना का अधिकतम पारा सामान्य के नीचे दर्ज किया गया। सबसे अधिक 29.2 डिग्री का पारा फरीदकोट का दर्ज किया गया।
अमृतसर का अधिकतम तापमान 24.7 डिग्री (सामान्य से 1.6 डिग्री नीचे), लुधियाना का 26.2 डिग्री (0.4 डिग्री नीचे), पटियाला का 28.4 डिग्री, पठानकोट का 26.3 डिग्री, बठिंडा का 28.8 डिग्री, फिरोजपुर का 25.8 डिग्री और रूपनगर का 26.7 डिग्री दर्ज किया गया। अमृतसर का न्यूनतम पारा 9.4 डिग्री, लुधियाना का 8.6 डिग्री (सामान्य से 1.5 डिग्री नीचे), पटियाला का 9.6 डिग्री (सामान्य से 1.2 डिग्री नीचे ), पठानकोट का 10.6 डिग्री, बठिंडा का 8.0 डिग्री (सामान्य से 1.0 डिग्री नीचे ), गुरदासपुर का 6.4 डिग्री, रूपनगर का 10.5 ड़िग्री और होशियारपुर का 10.3 डिग्री दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button