पंजाब का युवक कनाडा में लापता: कार समेत नदी में गिरा… तीन दिन से ढूंढ रही रेस्क्यू टीमें

पंजाब का युवक कनाडा में लापता हो गया है। दरअसल युवक कनाडा में नदी कार समेत गिर गया, जिसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है।

पंजाब के मोगा के निहाल सिंह वाला के गांव हिम्मतपुरा के 23 वर्षीय नवदीप सिंह की कनाडा के सरी में गाड़ी सहित नदी में गिर जाने के बाद से लापता हो गया है। नवदीप सिंह 3 दिन पहले अपने 4 दोस्तों के साथ कैंपिंग पर गया था। इस दौरान अचानक उनकी गाड़ी नदी में गिर गई।

हादसे के समय कार में कुल 4 युवक सवार थे, जिनमें से 3 किसी तरह से कार से बाहर निकल आए, लेकिन नवदीप सिंह गाड़ी सहित पानी के तेज बहाव में बह गया। कनाडा की सरी पुलिस और रेस्क्यू टीमें पिछले तीन दिनों से नवदीप की तलाश कर रही हैं, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला है।

परिवार वालों के मुताबिक, नवदीप सिंह करीब 4-5 साल पहले स्टडी वीजा पर कनाडा गया था। वहां एक लड़की से प्रेम संबंध बनने के बाद दोनों ने शादी कर ली थी। वर्तमान में नवदीप वर्क परमिट पर सरी में रह रहा था। नवदीप सिंह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा है और उसके लापता होने की खबर मिलते ही गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजन का रो-रो कर बुरा हाल है।

Back to top button