नौकरी को लेकर हुई लड़ाई से बड़े भाई ने उतारा छोटे भाई को मौत के घाट

उत्तर प्रदेश के मुरादनगर में शनिवार को नशे की हालत में एक 32 वर्षीय व्यक्ति की उसके बड़े भाई ने चाकू मारकर हत्या कर दी। मृतक का नाम जितेंद्र सिंह है। उसके बड़े भाई शेर सिंह ने जितेंद्र के पेट पर चाकू से कई वार किए, जिसकी वजह से वह बुरी तरह से घायल हो गया था। प्राथमिक उपचार के बाद जितेंद्र सिंह अगली सुबह मृत पाया गया।

टाइम ऑफ इंडिया में प्रकाशित खबर के अनुसार दोनों भाइयों के बीच शुक्रवार को (घटना से एक दिन पूर्व) नौकरी को लेकर लड़ाई हो गई थी। जितेंद्र के नौकरी छोड़ देने की वजह से बड़ा भाई शेर सिंह काफी नाराज था। स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों भाई शराब पीकर लड़ रहे थे। जितेंद्र की मौत हो जाने से पर शेर सिंह बिना पुलिस को बताए ही उसका अंतिम संस्कार करना चाहता था लेकिन लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया। शेर सिंह तब तो घर से फरार होने में कामयाब रहा लेकिन बाद में पुलिस उसे गिरफ्तार करने में कामयाब रही। मुरादनगर के एसएचओ उमेश बहादुर सिंह ने बताया कि वारदात में इस्तेमाल चाकू को बरामद कर लिया गया है। शेर सिंह के खिलाफ आईपीसी की धारा 304 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।





