नेपाल के पीएम केपी शर्मा दिल्ली पहुंच चुके हैं और किर्गिजस्तान के राष्ट्रपति सोरोनबाय जेनेबकोव भी भारत आ चुके

PM modi oath ceremony: नरेंद्र मोदी एनडीए सरकार-2 में फिर से दुबारा प्रधानमंत्री पद की शपथ गुरुवार की शाम सात बजे लेने वाले हैं। इस समारोह में भाग लेने के लिए कई विदेशी नेता आ रहे हैं। नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा दिल्ली पहुंच चुके हैं और किर्गिजस्तान के राष्ट्रपति सोरोनबाय जेनेबकोव भी भारत आ चुके हैं। दोनों नेता राष्ट्रपति भवन में होने वाले समारोह में भाग लेंगे।

दोपहर को श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरिसेना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में शिकरत करने के लिए दिल्ली पहुंच चुके थे। इसी के साथ ही भारत के सहयोगी देश म्यांमार के राष्ट्रपति यू विन मिन्त भी दिल्ली पहुंच चुके हैं। थाईलैंड के विशेष दूत ग्रिसाडा बूनरैक भी इस समरोह का हिस्सा बनने के लिए आ चुके हैं। थाईलैंड के राजदूत का कहना है “हम भारत के जीवंत और दृढ़ लोकतंत्र का जश्न मनाने आए हैं।’ वहीं बांग्लादेश के राष्ट्रपति अब्दुल हामिद पीएम मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंच चुके हैं।
पिछली बार सार्क इस बार बिम्सटेक
बता दें कि पिछली बार पीएम मोदी ने सार्क देशों को अपने शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए न्योता दिया था वहीं इस बार बिम्सटेक (BIMSTEC) के नेताओं को बुलाया गया है। इस शपथ ग्रहण समारोह में इस बार एक बात यह खास है कि पाकिस्तान के पीएम इमरान खान को न्योता नहीं दिया गया है।
पुलवामा के बाद तल्ख हैं भारत और पाक के रिश्ते
बता दें कि पुलवामा हमले के बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच रिश्ते तल्ख हो गए हैं। वहीं भारत ने इसके जवाबी कार्रवाई में बालाकोट में एयर स्ट्राइक कर कई आतंकियों को मार दिया था।





