निकाय चुनाव के पहले चरण का नामांकन आज से शुरू, देखें किसको कहाँ से मिलती है सीट
लखनऊ.प्रदेश में हो रहे नगर निकाय चुनाव के पहले चरण में रविवार से 24 जिलों में नामांकन प्रक्रिया शुरू हो रही है। इन 24 जिलों में पांच नगर निगम मेरठ, आगरा, कानपुर नगर, फैजाबाद और गोरखपुर के मेयर और पार्षद पदों के लिए भी उम्मीदवारों के पर्चा दाखिल करने का सिलसिला रविवार से शुरू हो जाएगा।

10 नवम्बर को बंटेंगे सिंबल
– नामांकन का यह सिलसिला 6 नवम्बर तक चलेगा। सात नवम्बर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। नौ नवम्बर नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख है जबकि 10 नवम्बर को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे।
– चुनाव चिह्न आवंटित होने के साथ प्रत्याशी और उनके समर्थक मैदान में उतर पड़ेंगे और चुनाव प्रचार शुरू हो जाएगा। पहले चरण का मतदान 22 नवम्बर को होगा।
पहले चरण में 154 नगर पंचायतें
– इनके अलावा शामली, हापुड़, बिजनौर, बदायूं, हाथरस, कासगंज, जालौन, हमीरपुर, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रतापगढ़, उन्नाव, हरदोई, अमेठी, गोण्डा, बस्ती, आजमगढ़, गाजीपुर और सोनभद्र की नगर पालिका परिषद व नगर पंचायतों के चेयरमैन और सदस्यों के लिए रविवार से ही नामांकन दाखिले की शुरुआत होगी। इनमें 71 नगर पालिका परिषद और 154 नगर पंचायतें हैं।
आयोग ने जारी किए निर्देश
– राज्य निर्वाचन आयोग ने इन सभी जिलों के जिला अधिकारियों को नामांकन दाखिले की प्रक्रिया में किसी तरह की रुकावट या उम्मीदवारों को कोई दिक्कत न आने देने के निर्देश जारी किए हैं।
– पहले चरण के चुनाव वाले इन 24 जिलों में कुल 230 निकाय हैं, जिनमें कुल 4095 वार्ड हैं। इनमें कुल मतदान केन्द्रों की संख्या 3731 हैं, मतदान स्थल (पोलिंग बूथ) कुल 11683 हैं। पहले चरण के इस निकाय चुनाव में कुल 1, 09, 26, 972 मतदाताओं की भागीदारी रहेगी।
इसे भी देखें:- बाबा की बेबी हनीप्रीत जेल में बैठे-बैठे गायब करवा सकती है सबूत, खुफिया विभाग में मचा हडकंप
कितनी है निगम चुनाव में खर्च की लिमिट..?
– ईसी के मुताबिक, जिन नगर निगमों में 80 से ज्यादा वार्ड हैं (जैसे-लखनऊ, कानपुर), वहां मेयर कैंडिडेट के लिए खर्च की लिमिट 12 से बढ़ाकर 25 लाख रुपए की गई है। बाकी नगर निगमों में कैंडिडेट चुनाव में 20 लाख तक ही खर्च कर सकेंगे। जबकि, निगम के पार्षद कैंडिडेट्स के लिए यह लिमिट एक से बढ़ाकर 2 लाख की गई है।
– इसके अलावा वोटिंग से 48 घंटे पहले शराब की ब्रिकी पर पूरी तरह रोक रहेगी और काउंटिंग के दिन भी प्रदेश में कहीं शराब नहीं बिकेगी।





