नाइजर आतंकी हमले में लापता रंजीत सिंह की रिहाई के लिए भारत सरकार सक्रिय, बोले डॉ. जितेंद्र सिंह

नाइजर में आतंकी हमले के बाद रामबन निवासी रंजीत सिंह लापता हैं और उनके अपहरण की आशंका जताई जा रही है। भारत सरकार और भारतीय दूतावास उनकी रिहाई और सुरक्षा को लेकर नाइजर सरकार से लगातार संपर्क में हैं।
केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर रामबन जिले के रंजीत सिंह के बारे में एक ताजा जानकारी पोस्ट की। रंजीत 15 जुलाई को हुए एक आतंकी हमले के बाद नाइजर में लापता हो गए थे। इस घटना में दो अन्य भारतीय नागरिकों की मौत हो गई थी।
रंजीत सिंह काे कथित तौर पर हमले के दौरान अपहरण कर लिया गया था।फिलहाल उनका कोई अता-पता नहीं है। डॉ. जितेंद्र ने शुक्रवार को एक्स पर पोस्ट किया कि भारतीय दूतावास रंजीत सिंह की सुरक्षा और रिहाई के लिए नाइजर में मेजबान सरकार के साथ नियमित संपर्क में है।
नियामी स्थित भारतीय दूतावास के अधिकारी ने बताया कि उन्होंने 24 जुलाई को आंतरिक, सार्वजनिक सुरक्षा और क्षेत्रीय प्रशासन मंत्री और 30 जुलाई को वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री से मुलाकात की है। इस दौरान नाइजीरियाई गणमान्य व्यक्तियों से रणजीत सिंह के ठिकाने और सुरक्षा के बारे में जानकारी और उनकी शीघ्र रिहाई का अनुरोध किया गया। रणजीत सिंह रामबन जिले के चाका कुड़ी गांव के निवासी हैं। पत्नी शीला देवी के अनुसार, 15 जुलाई को उनका पति से संपर्क टूट गया था।