नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने मायावती को लेकर कही ये बड़ी बात, कहा…

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) से निष्कासित नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने बसपा सुप्रीमो मायावती के खिलाफ गुरुवार को ऑडियो टेप जारी करने के बाद शुक्रवार को प्रेस कांफ्रेस कर एक बार फिर उनपर जमकर हमला बोला। बसपा से निकाले जाने के तीसरे दिन नसीमुद्दीन ने कहा, कल मैंने तथ्यों और प्रमाणों के साथ मायावती एंड कंपनी के आरोपों का जवाब दिया था। आज उन्होंने मायावती पर ब्लैकमेलर होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मैंने जो कुछ किया सबकुछ उन्ही से ही सीखा। सिद्दीकी ने मायावती को सबसे बड़ा ब्लैकमेलर बताया।
नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि कल (गुरुवार) मैंने तथ्यों के साथ जवाब दिया था। उसके बाद मायावती एंड कंपनी ने मुझे ब्लैकमेलर कहा। आज मैं इस झूठे आरोप का भी तथ्यों के साथ जवाब दूंगा। सिद्दीकी ने कहा कि मान्यवर कांशीराम के बाद से न जाने कितने वरिष्ठ नेताओं को मायावती ने इतना प्रताड़ित किया कि या तो वे खुद छोड़ गए या फिर उन्हें निकाल दिया। फोन टेपिंग की ट्रेनिंग भी उन्होंने ही मुझे दी। जब मुझे अपने और मेरे परिवार के ऊपर खतरा मंडराता दिखा तो मैंने भी फोन टेपिंग शुरू किया। मैंने परिवार को बचाने के लिए ये किया।
ये भी पढ़े: गैंगरेप आरोपी: गायत्री के दो साथियों के खिलाफ अरेस्ट वारंट जारी
सिद्दीकी ने कहा, ‘मायावती बताएं कि मैंने किसको ब्लैकमेल किया। मैंने तो अपने बीवी-बच्चे और परिवार को बचाने के लिए मायावती के सिखाए फोन टैपिंग के नुस्खे को उनपर ही आजमा लिया। मायावती ने अपनी दुर्भावना छिपने के लिए मुझे ब्लैकमेलर कहा। मैंने तो मायावती से बड़ा ब्लैकमेलर आजतक नहीं देखा। मायावती विधायकों और सांसदों को ब्लैकमेल करती हैं।’





