नवरात्रि में कौन से दिन कौन सा रंग पहनना है?

अगर आप चाहते हैं कि मां दुर्गा के सभी स्वरूप आपसे प्रसन्न हों तो नवरात्रि के नौ दिन के हिसाब मां दुर्गा के स्वरूप का प्रिय रंग पूजा में धारण करें।
नवरात्रि के हर दिन देवी दुर्गा के एक विशेष स्वरूप की आराधना की जाती है। इस साल जब शारदीय नवरात्रि का आरंभ 22 सितंबर से होने जा रहा है, तो लोगों ने इसकी तैयारी भी कर ली है। नौ दिन के नौ अलग स्वरूपों का अपना अलग एक खास रंग होता है, जिसे पहनने या पूजा में शामिल करने से देवी प्रसन्न होती हैं।
अगर आप चाहते हैं कि शारदीय नवरात्रि 2025 में मां दुर्गा की कृपा आप पर पूर्ण रूप से बनी रहे, तो नौ दिनों तक हर दिन मां के अलग-अलग स्वरूप की पूजा करते समय उनके प्रिय रंगों का पालन जरूर करें। ये रंग न केवल देवी की पसंद को दर्शाते हैं, बल्कि उनके स्वरूप की ऊर्जा, भाव और शक्ति का भी प्रतिनिधित्व करते हैं।
पहला दिन
नवरात्रि का पहला दिन मां शैलपुत्री को समर्पित माना जाता है। ऐसी मान्यता है कि माता रानी के इस स्वरूप को नारंगी रंग पहनना काफी शुभ माना जाता है। ये रंग जीवन में खुशी और ऊर्जा लेकर आता है। इसलिए पहले दिन की पूजा में नारंगी रंग के कपड़े पहनें।
दूसरा दिन
शारदीय नवरात्रि के दूसरे दिन माता ब्रह्मचारिणी की पूजा की जाती है। मान्यताओं के अनुसार उन्हें सफेद रंग अति प्रिय है। इसलिए आपको नवरात्रि के दूसरे दिन हमेशा सफेद रंग के कपड़े ही धारण करने चाहिए। इससे माता का ये स्वरूप अवश्य ही प्रसन्न होगा।
तीसरा दिन
शारदीय नवरात्रि का तीसरा दिन देवी चंद्रघंटा की पूजा के लिए जाना जाता है। ऐसा माना जाता है कि माता के इस रूप को लाल रंग पसंद है, ऐसे में आप नवरात्रि के तीसरे दिन लाल रंग कपड़े पहनें। लाल रंग के कपड़े पहनने से कभी नकारात्मक प्रभाव दूर होते हैं।
चौथा दिन
नवरात्रि के चौथे दिन माता कुष्मांडा की पूजा की जाती है। मान्यता है कि जो भी व्यक्ति माता के इस स्वरूप की पूजा करता है, उससे रुके हुए काम सफल होते हैं। मां कुष्मांडा की पूजा में नीले रंग के वस्त्र पहनने की परंपरा है।
पांचवा दिन
बात करें नवरात्रि के पांचवें दिन की तो इस दिन मां दुर्गा के स्कंदमाता स्वरूप को पूजा जाता है। इस दिन ग्रे रंग के कपड़े धारण करने की परंपरा है। ग्रे रंग के कपड़े अगर आप पहनेंगे तो आप पर माता की अवश्य ही कृपा होगी।
छठा दिन
अब जानते हैं कि नवरात्रि के छठे दिन किस माता की पूजा होती है तो बता दें कि नवरात्रि के इस पर्व के छठे दिन माता कात्यायनी की उपासना की जाती है। माता के इस स्वरूप को पीला रंग पसंद है, इसलिए नवरात्रि के छठे दिन पीले रंग के वस्त्र पहनें।
सातवां दिन
नवरात्रि के सातवें दिन की बात करें तो इस दिन देवी कालरात्रि की पूजा का विधान है। देवी कालरात्रि को प्रसन्न और विशेष कृपा पाने के लिए हरे रंग के वस्त्र पहन सकते हैं। इसे पहनने से आप माता के इस स्वरूप को प्रसन्न कर सकते हैं।
आठवां दिन
नवरात्रि के आठवें दिन महागौरी माता की पूजा की जाती है। आप उनकी पूजा में बैंगनी रंग के वस्त्र पहन सकते हैं। ऐसी मान्यता है कि अगर आप बैंगनी रंग के कपड़े पहनकर माता के इस स्वरूप को पूजेंगे, तो आपकी हर मनोकामना पूरी होगी।
नौवां दिन
नवरात्रि के नौवें व आखिरी दिन देवी सिद्धिदात्री की पूजा-अर्चना की जाती है। इस दिन आप मोरपंखी रंग के वस्त्र पहन सकते हैं। देवी सिद्धिदात्री को प्रसन्न करने के लिए उनकी पूजा में मोरपंखी रंगों के कपड़े पहनें।