नए वित्त वर्ष के पहले दिन ही महंगा हुआ रसोई गैस और विमान ईंधन, जानें नया रेट…

एक अप्रैल (भाषा) विमान ईंधन (एटीएफ) के भाव में सोमवार को एक प्रतिशत की वृद्धि की गई. वैश्विक स्तर पर कीमतों में वृद्धि के बाद लगातार दूसरे महीने विमान ईंधन महंगा हुआ है. सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों की मूल्य के बारे में जारी अधिसूचना के अनुसार दिल्ली में एटीएफ की दर में 1.07 प्रतिशत या 677.1 रुपये प्रति किलोलीटर की वृद्धि की गई है. नयी दर बढ़कर 63,472.22 रुपये प्रति किलोलीटर हो गए है. इससे पहले पहली मार्च को एटीएफ का मूल्य 8.1 प्रतिशत या 4,734.15 रुपये प्रति किलोलीटर बढ़ा था. 
इसी के साथ ही बिना सब्सिडी वाले 14.2 किलोग्राम के रसोई गैस सिलेंडर का दाम पांच रुपये बढ़कर 706.50 रुपये प्रति सिलेंडर हो गया है. यह एक माह के अंतर पर एलपीजी की दर में दूसरी वृद्धि है. एक मार्च को इसमें 42.5 रुपये प्रति सिलेंडर की वृद्धि की गयी थी. माना जा रहा है कि एटीएफ कीमतों में बढ़ोतरी से पहले से नकदी संकट झेल रही विमानन कंपनियों की परेशानी और बढ़ेगी.
फिर बढ़ी PAN को आधार से जोड़ने की समय सीमा, अब यह होगी आखिरी डेट…
उपभोक्ताओं को एक साल में 12 सिलेंडर सब्सिडी वाली कीमतों पर मिलते हैं. इससे अधिक सिलेंडर की जरूरत होने पर उन्हें बिना सब्सिडी वाला सिलेंडर लेना पड़ता है. सब्सिडी वाले रसोई गैस सिलेंडर का दाम 495.86 रुपये प्रति सिलेंडर है. इसमें कोई बदलाव नहीं हुआ है. इसी के साथ सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत बेचे जाने वाले केरोसिन के दाम मामूली बढ़कर 32.24 रुपये से 32.54 रुपये प्रति लीटर हो गए हैं.





