धरती के हर देश घूम आया शख्स, हर जगह के नागरिकों से किया एक ही सवाल, सोशल मीडिया पर शेयर किया जवाब!

इंसान के जीवन का सबसे खुशहाल दिन कौन सा होता है? ये तो इंसानों पर निर्भर करता है. पर क्या आपने कभी किसी ने ये सवाल पूछा है? हम लोगों से ये तो पूछ लेते हैं कि दुखी क्यों हैं, पर ये नहीं पूछते कि वो खुश कब थे? एक शख्स ने ये पूछा और उसे बेहद रोचक कहानियां सुनने को मिलीं. एक कंटेंट क्रिएटर दुनिया के हर देश घूमकर आ गए और वहां पर लोगों से ये रोचक सवाल किया.
माइकल ज्वरोस, एक ग्रीक-अमेरिकी फिल्म निर्माता, ने 499 दिनों में दुनिया के सभी 195 देशों की यात्रा पूरी करने का रिकॉर्ड स्थापित किया है. इस यात्रा का उद्देश्य केवल रिकॉर्ड बनाना नहीं था, बल्कि यह जानना था कि दुनिया भर के लोग अपनी ज़िंदगी के सबसे खुशहाल दिन के बारे में क्या सोचते हैं. उन्होंने अपनी यात्रा के दौरान कई लोगों से ये सवाल किया- “आपके जीवन का सबसे खुशहाल दिन कौन सा था?”
कब शुरू की यात्रा?
माइकल ने अपनी यात्रा की शुरुआत 2023 में की थी, और उनका मिशन था “प्रोजेक्ट कोस्मोस” के तहत दुनिया भर के लोगों से उनके जीवन के सबसे खुशहाल पलों के बारे में जानना. उन्होंने 700 से 800 इंटरव्यू किए, जिनमें से कई दिलचस्प और प्रेरणादायक कहानियां सामने आईं. मिरर वेबसाइट से बात करते हुए माइकल ने बताया कि उन्हें अलग-अलग देशों में किस तरह की कहानियां सुनने को मिलीं. सामोआ में क्रिस्टोफर नामक व्यक्ति ने बताया कि उनका सबसे खुशहाल दिन वह था जब उन्होंने अपने पूरे परिवार की विरासत को अपने शरीर पर टैटू के रूप में उकेरा.





