दो दिवसीय दौरे पर रूसी राष्ट्रपति पुतिन, आज PM मोदी के साथ 19वीं द्विपक्षीय वार्षिक शिखर बैठक में करेंगे शिरकत

रूसी राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन दो दिवसीय दौरे पर दिल्ली पहुंचे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ आज 19वीं द्विपक्षीय वार्षिक शिखर बैठक में शिरकत करेंगे। प्रतिबंध लगाए जाने की अमेरिकी धमकी के बावजूद भारत रूस से 5 अरब डॉलर के एस-400 ट्रायम्फ एयर डिफेंस सिस्टम सौदा करेगा। इसके अलावा दोनों देश अंतरिक्ष, रक्षा और ऊर्जा समेत कई अन्य अहम समझौते भी करेंगे। 
विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने रूसी राष्ट्रपति का आईजीआई एयरपोर्ट पर स्वागत किया। उनके साथ एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी आया है। पीएम मोदी ने रशियन और अंग्रेजी में ट्वीट कर पुतिन का स्वागत किया। उन्होंने लिखा कि राष्ट्रपति पुतिन, आपका भारत में स्वागत है। भारत-रूस की दोस्ती को और प्रगाढ़ करने वाली मंत्रणा को लेकर आशान्वित।
रूसी रक्षा कंपनियों के खिलाफ अमेरिकी प्रतिबंधों को देखते हुए पुतिन और मोदी द्विपक्षीय रक्षा सहयोग की समीक्षा करेंगे। इसमें अमेरिकी प्रतिबंध के चलते ईरान से होने वाले कच्चे तेल के आयात पर असर का मुद्दा भी शामिल है।





