दुकानदारों के पक्ष में उतरी अदिति सिंह, सीएम योगी को बताया अपना राजनैतिक गुरू

रायबरेली। कांग्रेस की बागी विधायक अदिति सिंह ने सोमवार को सिविल लाइन पहुंच कर दुकानदारों का समर्थन किया। इस दौरान उन्होंने सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अपना राजनीतिक गुरू बताकर सियासी खेमे में हलचल बढ़ा दी। इससे पहले भी पार्टी गाइड लाइन से अलग हटकर अदिति सिंह कई कदम उठा चुकी हैं।

गैरतलब है कि सिविल लाइन चौराहे पर स्थित कमला नेहरू ट्रस्ट की जमीन पर कई दशकों से काबिज पटरी दुकानदारों को कोर्ट के आदेश पर हटाने के लिए जिला प्रशासन ने नोटिस दिया था। सोमवार को उन दुकानदारों के पक्ष में सदर विधाययक अदिति सिंह उतर आई। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मैं खुले मुंह से कहना चाहती हूं कि आज जो इनकी दुकाने बची हैं मेरे राजनैतिक गुरू और मुख्यमंत्री महाराज योगी आदित्यनाथ की वजह से बची हैं। हम ये लड़ाई लड़ रहे थे, यह बात मै उनके संज्ञान में जब लाई तो उन्होंने कहा कि हम पूरी तरीके से इसकी जांच कराएंगे। जो भी होगा न्याय होगा।

अदिति सिंह ने कमला नेहरू ट्रस्ट पर भी निशाना साधा उन्होनें कहा कि जब जमीन पर कई दशक से ये दुकानदार काबिज हैं तो ट्रस्ट के पक्ष में ये जमीन कैसे फ्री होल्ड हो गई। इस दौरान सिविल लाइन में विधायक अदिति सिंह के साथ जमकर भीड़ थी। सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ रही थी, लेकिन नेता के सामने प्रशासन बौना नजर आया।

Back to top button