दिल्‍ली में प्रवेश किए बिना जुड़ जाएंगे बड़े राज्‍य, केएमपी का 10 को उद्घाटन करेंगे पीएम

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पानीपत में हरियाणा दिवस पर आयोजित रैली में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दस नवंबर को कुंडली मानेसर पलवल रोड (केएमपी) का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही केजीपी और केएमपी रोड पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह से शुरू हो जाएगा। दिल्ली के अंदर जाए बिना हरियाणा, पंजाब, जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश सहित देश के अन्य राज्यों से हरियाणा जुड़ जाएगा। उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात और अन्य प्रदेशों से कारोबार – व्यापार और आवागम के लिए दिल्ली में प्रवेश करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसकी वजह से वाहनों को न तो जाम में फंसना पड़ेगा और न ही अधिक समय लगेगा।दिल्‍ली में प्रवेश किए बिना जुड़ जाएंगे बड़े राज्‍य, केएमपी का 10 को उद्घाटन करेंगे पीएम

केएमपी एक्सप्रेस-वे की कुछ खास बातें

  • सोनीपत, झज्जर, बहादुरगढ़, नूंह, सोहना, हथीन और पलवल क्षेत्र से गुजरेगा
  • दिल्ली वेस्टर्न पैरीफेरल एक्सप्रेस-वे भी कहलाता है केएमपी
  • केएमपी एक्सप्रेस-वे का प्रस्ताव साल 2003 में लाया गया था। तब से इसकी डेडलाइन लगातार बदलती रही
  • महाराष्ट्र, हरियाणा, राजस्थान, बंगाल और यूपी के ट्रैफिक पर होगा असर
  • दिल्ली से घटेगा भारी वाहनों का बोझ
  • दिल्ली से कम होगा प्रदूषण
  • मथुरा से पास आया गुरुग्राम  
  • दिल्ली को मिलेगी नई लाइफ लाइन
  • 100 किमी प्रति घंटे की स्पीड से फर्राटा भरेंगी कारें

मनोहर ने गिनाईं उपलब्धियां 
इससे पहले मुख्‍मयंत्री ने कहा कि भाजपा की सरकार जब सत्ता में आई, तब कर्मचारियों को वेतन देने के लिए भी खजाना नहीं था। लेकिन आज हरियाणा ने अपनी क्षमता का उपयोग करते हुए न केवल खजाने को भरा है बल्कि विश्‍व में अपनी अलग पहचान बनाई है। प्रतिव्‍यक्ति आय के मामले में हरियाणा सबसे आगे है। यहां प्रति व्‍यक्ति आय एक लाख 96 हजार 800 रुपये है। देश का अन्‍न भंडार में हरियाणा का स्‍थान दूसरे स्‍थान पर है। पंजाब हमसे आगे है लेकिन उनका क्षेत्रफल भी ज्‍यादा है। 

भ्रष्‍टाचार पर तंज 
मुख्‍यमंत्री मनोहरलाल ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि चार साल में भाजपा ने जो काम किए, वही काम पिछली सरकार ने क्‍यों नहीं किए। हमारा सीधा प्रश्‍न है, क्‍या उनके मंसूबे नहीं थे, क्‍या उनका कोई स्‍वार्थ या फि‍र भ्रष्‍टाचार को बढ़ावा देने का लक्ष्‍य था। हमारी सरकार ने भ्रष्‍टाचार को जड़ से उखाड़ फेंकने का काम किया है। सीएम विंडो के माध्‍यम से चार लाख 70 हजार केस निपटाए गए। अगर ये सभी लोग सीधे मुझसे मिलते तो दिन-रात काम करते हुए भी इन केसों पर 11 साल लग जाते।

हरियाणा दिवस पर घोषणाएं

  • सक्षम योजना में अभी 52 हजार युवा पंजीकृत। अब कला स्नातक युवा भी शामिल होंगे। 30 हजार युवा उठा सकेंगे लाभ
  • खेतों में नालों (खाल) को पक्का करने के लिए 24 फीट  लंबाई को 40 फीट किया जाएगा।
  • वृद्धावस्था पेंशन 2000 रुपए का लाभ आज एक नवंबर से शुरू
  • भूतपूर्व सरपंच एक हजार, मेयर को ढाई हजार रुपए, सीनियर डिप्टी मेयर, डिप्टी मेयर दो हजार पेंशन मिलेगी।  यदि अन्य पेंशन ले रहे हैं, तो नहीं मिलेगी पेंशन।
  • फायरमैन, सीवरमैन का 10 लाख का होगा बीमा
  • हरियाणा सरकार के सभी कर्मचारियों को अब रिम्बर्समेंट की बजाय कैशलेस मिलेगा इलाज
  • ग्रामीण क्षेत्र में लाल डोरे में मकान की रजिस्ट्री, लोन नहीं होने की सूरत में सबकी होगी अब रजिस्ट्री
  • छात्र, छात्राओं के लर्निंग लाइसेंस को प्राचार्य बना सकेंगे। ड्राइविंग टेस्ट पास का प्रमाण पत्र बनवाने के लिए प्राचार्य अधिकृत।

रोहिता पर भारी पड़े महीपाल
पानीपत शहर की विधायक रोहिता रेवड़ी की तुलना में पानीपत ग्रामीण विधायक महीपाल ढांडा भारी पड़े। अगले एक वर्ष में काम का लक्ष्य रखते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पानीपत ग्रामीण के लिए 78 करोड़ की घोषणा की तो शहरी विधानसभा क्षेत्र के लिए 58 करोड़ रुपये रुपये के विभिन्न विकास कार्यों की घोषणा की। परिवहन मंत्री किशनलाल पंवार के इसराना विधानसभा क्षेत्र के लिए भी 54 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की घोषणा की।

Back to top button