दिल्ली एम्स में एक और डॉक्टर ने छत से कूदकर की खुदकुशी, नहीं मिला सुसाइड नोट

नई दिल्ली। एम्स में सोमवार को एक और डाॅक्टर ने होस्टल की छत से कूद कर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना शाम करीब छह बजे पुलिस को मिली थी। एम्स प्रशासन को सूचना मिलने के बाद 22 साल के डाॅक्टर विकास को एम्स ट्रामा सेंटर में भर्ती करवाया गया, जहां इलाके के दौरान विकास ने दम तोड़ दिया। विकास मूलरूप से बंगलूरू का रहने वाले थे। घटनास्थल से पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। इस कारण आत्महत्या के सही कारणों का पता नहीं चल सका है।
दक्षिणी जिला पुलिस उपायुक्त अतुल कुमार ठाकुर ने बताया कि सूचना मिली थी कि एक शख्स एम्स में होस्टल की छत से नीचे छलांग लगा दी है। घायल हालत में एम्स ट्रामा सेंटर में भर्ती करवाया गया है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि छलांग लगाने वाले विकास एम्स के ही छात्र हैं और साल 2018 में एम्स में दाखिला लिया था। मूलरूप से बंगलूरू के रहने वाले विकास फिलहाल पढ़ाई कर रहे थे।
उपायुक्त ने बताया कि आगे की छानबीन में पता चला कि विकास मनोविज्ञान केंद्र में भर्ती थी। घटना से कुछ समय पहले उन्होंने वार्ड से एक घंटे के लिए छुट्टी ली थी। उसके कुछ कुछ समय बाद ही पता चला कि उन्होंने होस्टल की छत से छलांग लगा दी। अब सवाल खड़ा होता है कि वह होस्टल की छत पर कैसे पहुंचे। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम करवाने के लिए अस्पताल में रखवा दिया है और आगे की कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने घटना की जानकारी उनके परिजनों को दे दी है।





