दिल्ली से सटे हरियाणा के सोनीपत में तीन लोगों की गोली मारकर हत्या करने का मामला सामने आया

 दिल्ली से सटे सोनीपत के गोहाना के गांव भैंसवाल में शनिवार तड़के करीब 3:30 बजे कुछ युवकों ने पुरानी रंजिश के चलते पति-पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी, जबकि पास के गांव कटवाल में भी एक युवक को गोलियों से भून दिया। पुलिस तीनों हत्याओं को पुरानी रंजिश से जोड़कर देख रही है और जांच में जुट गई है।

मिली जानकारी के मुताबिक, भैंसवाल निवासी होशियार सिंह (55) व उनकी पत्नी निर्मला (48) शनिवार तड़के अपने घर में सो रहे थे। इसी दौरान हथियारों से लैस करीब 8-10 युवक उनके घर में घुस आए। इससे पहले कि पति-पत्नी कुछ समझ पाते, सभी युवकों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दी। इस गोलीबारी में होशियार सिंह व निर्मला को कई गोलियां लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी युवक मौके से फरार हो गए।

दूसरी ओर, इससे कुछ देर पहले गांव कटवाल में भी कुछ युवकों ने गांव निवासी सुरेंद्र की गोली मारकर हत्या कर दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवा दिया है। पुलिस तीनों हत्याकांड को पुरानी पारिवारिक रंजिश से जोड़कर देख रही है। लगातार हो रही हत्याओं से गांव में दहशत का माहौल है।

दरअसल, गांव भैंसवाल निवासी बलबीर व कृष्ण के परिवार के बीच करीब चार साल पहले किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसमें बलबीर के बेटे बिट्टू ने कृष्ण के साथ मारपीट भी कर दी थी। इससे दोनों परिवारों के बीच रंजिश बढ़ती चली गई। इसी रंजिश को लेकर 20 अप्रैल 2017 को बलबीर के बेटे बिट्टू की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्या का आरोप कृष्ण के बेटे और उसके सात-आठ साथियों पर लगा था और पुलिस ने सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। फिलहाल ये आरोपित जमानत पर हैं।

इधर, करीब 6-7 माह पहले कृष्ण का दूसरा बेटा अपने 2 साथियों के साथ हरिद्वार घूमने गया था, जहां तीनों की हत्या कर शव को गाड़ी सहित नहर में फेंक दिया गया था। इस हत्या का आरोप बलबीर के बेटे सीटू पर लगा था, जो फिलहाल उत्तर प्रदेश के जेल में बंद है।

पुलिस के अनुसार इसी रंजिश में 3 जून को बलबीर की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी और अब बलबीर के भाई और भाभी की हत्या की गई है। उधर, गांव कटवाल निवासी सुरेंद्र की हत्या को भी इसी से जोड़कर देखा जा रहा है, क्योंकि सुरेंद्र की हत्या का आरोपित सुमित को कृष्ण पक्ष का बताया जाता है।

Back to top button