दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर गर्रा पुल की रेलिंग से टकराई कार, चार की मौत

तेज रफ्तार कार से नदी के पुल की रेलिंग से टकराकर पलटने के कारण चार लोगों की मौत हो गई। गोंडा निवासी पांच लोग आज कार से हरिद्वार जा रहे थे। एक युवक गंभीर रूप से घायल है। उसको ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।
शाहजहांपुर के चौक कोतवाली क्षेत्र में आज सुबह नेशनल हाईवे पर बड़ा हादसा हो गया। गोंडा निवासी कार में सवार पांच युवक हरिद्वार जा रहे थे। तभी नेशनल हाईवे पर कार गर्रा नदी के पुल पर अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकरा गई। हाईवे से गुजर रहे वाहन चालकों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह पांचों को कार से बाहर निकाला। इस हादसे में 27 वर्षीय उमेश, 28 वर्षीय दुर्गेश, 25 वर्षीय नीरज, 27 वर्षीय विकास और 28 वर्षीय श्री प्रकाश शुक्ला घायल हो गए।
.jpg)
सभी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया। जहां नीरज, उमेश और दुर्गेश ने दम तोड़ दिया। विकास और श्री प्रकाश की हालत गंभीर होने पर लखनऊ रेफर कर दिया गया। रास्ते में विकास की मौत हो गई। इनके परिजनों को सूचना दे दी गई है। सूचना पर गोंडा से मृतकों के कुछ रिश्तेदार जिला अस्पताल पहुंच गए हैं।

मृतकों में उमेश व दुर्गेश सगे भाई
हादसे में मरने वाले उमेश व दुर्गेश सगे भाई थे। उमेश की कन्फैक्शनरी की दुकान थी। उसके पास कोल्डड्रिंक की एजेंसी भी थी। दुर्गेश कोटेदार था। मृतक नीरज ग्रेजुएशन पूरा करने के बाद सेना में भर्ती की तैयारी कर रहा था। चौथा मृतक विकास बालपुर हजारी के पड़ोस के गांव हरसिंगपुर का रहने वाला था। उसके पिता किराना व्यापारी हैं। सभी लोग हरिद्वार के अलावा केदारनाथ, बद्रीनाथ आदि स्थानों पर घूमने के लिए दस दिन का कार्यक्रम बनाकर शुक्रवार को घर से निकले थे। रात में उन लोगों ने छोटी कार होने के कारण लखनऊ के गोमतीनगर में गांव के आनंदपाल सिंह से कार बदली। आनंदपाल सिंह ने उन लोगों से सुबह जाने के लिए कहा, लेकिन यह लोग नहीं माने और रात में ही निकल चल दिये।





