दिल्ली में कहर बरपाने को तैयार मौसम, धूल भरी आंधी के साथ गर्म हवा चलने की संभावना

दिल्ली में गर्मी ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। बृहस्पतिवार को भी पालम समेत कुछ स्थानों पर गर्म हवा का प्रकोप देखा गया। वहीं मौसम विभाग ने आने वाले चार दिनों में धूल भरी आंधी के साथ साथ गर्म हवा चलने की संभावना जताई है।

मौसम विभाग का कहना है कि शुक्रवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। अधिकतम तापमान 40 जबकि न्यूनतम 20 डिग्री तक पहुंच सकता है। इसके साथ ही 30 से 40 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी और गर्म हवा चल सकती है। वहीं शनिवार को भी 40 से 50 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने के आसार हैं। रविवार व सोमवार को भी तेज हवा और धूल भरी आंधी चल सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक, बृहस्पतिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जोकि सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा है। न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर पर 18.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नमी का स्तर 26 से 83 फीसद के बीच रहा। कई स्थानों पर गर्म हवा भी चली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button