दिल्ली के CM को दिखाए गए काले झंडे, सड़कों पर लगे ‘केजरीवाल वापस जाओ’ के नारे

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल शुक्रवार को नरेला में भारी जन विरोध का सामना करना पड़ा। यही नहीं विकास कार्यों का उद्घाटन करने पहुंचे केजरीवाल की कार पर हमला भी हुआ और काले झंडे दिखाए गए और केजरीवाल वापस जाओ के नारे भी लगे। लोगों ने केजरीवाल का जमकर विरोध किया। अब सवाल उठता है कि आखिर कौन सी वजह थी जिसकी वजह से केजरीवाल वापस जाओ के नारे लगे और उन्हें काले झंडे दिखाए गए.
मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाने और गाड़ी का घेराव करने पर उत्तर पश्चिम जिला भाजपा अध्यक्ष नीलदमन खत्री का कहना है कि नरेला सहित देहात क्षेत्र में मेट्रो रेल के विस्तार को बाधित करने, गांवों को अच्छी स्वास्थ्य, शिक्षा, बस सेवा और अन्य विकास से वंचित रखने के विरोध में यह प्रदर्शन किया गया था। उनके नेतृत्व में पार्षद सुनीत चौहान, जिला महामंत्री रणधीर प्रधान, उपाध्यक्ष सचिन मित्तल, पूर्व पार्षद जय भगवान सहित तमाम कार्यकर्ता इस दौरान मौजूद थे। खत्री ने कहा कि किसान महंगी बिजली और फसल मुआवजे में हेराफेरी, मेट्रो का लाभ न मिलने से परेशान हैं। हालांकि प्रदर्शन के दौरान लग रहे ‘केजरीवाल देशद्रोही का साथी है’ नारे पर उन्होंने कुछ नहीं कहा।
नरेला में 25 कच्ची कॉलोनियों में विकास कार्यों के उद्घाटन कार्यक्रम में जाते मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को उत्तर-पश्चिम भाजपा कार्यकारिणी के जबरदस्त विरोध का सामना करना पड़ा। अचानक सीएम की कार के सामने आने के बाद हाथ में काले झंडे लिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने केजरीवाल के खिलाफ जबरदस्त नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने चारों ओर से सीएम की गाड़ी को घेर लिया और उनकी ओर बढ़ने का प्रयास किया। दिल्ली पुलिस के जवानों ने काफी मशक्कत के बाद भीड़ को हटाया।
25 कच्ची कॉलोनियों में विकास कार्यों का सीएम ने किया उद्घाटन
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को नरेला इलाके में 25 कच्ची कॉलोनियों में विकास कार्यों का उद्घाटन किया। करीब 76.10 करोड़ की लागत से इन कॉलोनियों में सड़क और नालियों का निर्माण होगा। इस दौरान केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली की सभी कच्ची कॉलोनियों में सड़कें और गलियां एक साथ बनाई जाएंगी। उन्होंने पिछले चार वर्षों के दौरान कच्ची कॉलोनियों को लेकर किए गए कार्यों को भी गिनाया। कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद जनता से किए सभी वादों को ईमानदारी से पूरा किया है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को नरेला इलाके में 25 कच्ची कॉलोनियों में विकास कार्यों का उद्घाटन किया। करीब 76.10 करोड़ की लागत से इन कॉलोनियों में सड़क और नालियों का निर्माण होगा। इस दौरान केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली की सभी कच्ची कॉलोनियों में सड़कें और गलियां एक साथ बनाई जाएंगी। उन्होंने पिछले चार वर्षों के दौरान कच्ची कॉलोनियों को लेकर किए गए कार्यों को भी गिनाया। कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद जनता से किए सभी वादों को ईमानदारी से पूरा किया है।
उन्होंने बताया कि नरेला की इन 25 कॉलोनियों में 507 गलियों और 1044 नालियां बनाई जाएंगी। करीब 47 किमी लंबी गलियों और 82.3 कि मी लंबी नालियों का निर्माण होगा, जिससे यहां रहने वाले करीब पांच लाख लोगों को फायदा होगा। सीएम केजरीवाल ने केंद्र सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि जब से दिल्ली में उनकी सरकार बनी है तब से केंद्र में बैठी भाजपा सरकार ने विकास कार्यों में अडंगा लगाया है। भाजपा दिल्ली की जनता से 2015 में हुई हार का पूरा बदला ले रही है। दिल्ली की जनता के लिए उनकी सरकार ने मोहल्ला क्लीनिक बनाए। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनकी फाइल ही रोक ली। दिल्ली सरकार ने स्कूल बनाने का काम शुरू किया तो पीएम मोदी ने उसकी भी फाइल रुकवा ली।
मुख्यमंत्री ने यहां तक कहा कि सरकारी स्कूलों में सुधार के साथ-साथ प्राइवेट स्कूलों की मनमानी भी रोकी गई। उनकी सरकार ने बिजली कंपनियों को बिजली की कीमतें नहीं बढ़ाने दी। दिल्ली में आप सरकार से पहले सबसे महंगी बिजली थी और आज देश में सबसे सस्ती बिजली मिल रही है। सरकारी अस्पतालों में दवाइयों व इलाज मुफ्त मिल रहा है। घर-घर पानी पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। कई इलाकों में अभी पानी पहुंचाना बाकी है। पूरी दिल्ली में 24 घंटे पानी का इंतजाम किया जाएगा।
उन्होंने जनता से ये भी कहा कि पिछली बार लोकसभा चुनाव में दिल्ली की सभी सीटों से भाजपा सांसदों को विजयी बनाया था, लेकिन एक भी सांसद ने अब तक अपना कार्य सही तरह से नहीं किया। किसी भी सांसद ने अपने इलाकों में विकास कार्य नहीं कराए। उन्होंने लोगों से अपील की कि लोकसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवारों को जिताएं ताकि दिल्ली में विकास कार्य और तेजी से हो सकें।





