दिल्ली की इन 5 जगहों पर सजता है बंगाल जैसा दुर्गा पूजा पंडाल, इस बार जरूर कर आएं दर्शन

दुर्गा पूजा की सबसे अनोखी धूम बंगाल में देखने को मिलती है। लेकिन दिल्ली में भी अब कई ऐसे पंडाल (Durga Puja Pandals in Delhi) लगाए जाते हैं जो आपको कोलकाता की याद दिला देंगे। इन पंडालों की सजावट और नाच-गान से लेकर खाने-पीने तक सबकुछ ही बेमिसाल होता है। आइए जानें दिल्ली के 5 सबसे खूबसूरत दुर्गा पूजा पंडाल।

भारत में नवरात्र और दुर्गा पूजा (Durga Puja 2025) का पर्व खास उत्साह और भव्यता के साथ मनाया जाता है। दुर्गा पूजा की सबसे अनोखी धूम पश्चिम बंगाल में देखने को मिलती है, लेकिन दिल्ली में भी कई जगहों पर दुर्गा पूजा पंडाल लगाए जाते हैं। ये पंडाल भी बंगाल की ही तरह अलग-अलग थीम से सजे होते हैं और बेहद उल्लास के साथ दुर्गा पूजा मनाते हैं।

राजधानी के अलग-अलग हिस्सों में लगने वाले ये पंडाल (Famous Durga Puja Pandal in Delhi) न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र होते हैं, बल्कि कला, संस्कृति और परंपरा का अद्भुत संगम भी दिखाते हैं। अगर आप इस बार दिल्ली में दुर्गा पूजा का आनंद लेने का सोच रहे हैं, तो इन पांच पंडालों को जरूर देखें।

सी.आर. पार्क दुर्गा पूजा
दिल्ली का सी.आर. पार्क ‘मिनी कोलकाता’ कहलाता है और यहां की दुर्गा पूजा सबसे मशहूर है। यहां कई पूजा समितियां भव्य पंडाल सजाती हैं, लेकिन खासकर बी-ब्लॉक, ई-ब्लॉक और एम-ब्लॉक पूजा सबसे ज्यादा भीड़ खींचती हैं। बंगाली पारंपरिक सजावट, सांस्कृतिक कार्यक्रम और असली बंगाली व्यंजनों का स्वाद यहां आने वालों को कोलकाता में होने का अनुभव कराती है।

मयूर विहार-1 कालीबाड़ी
पूर्वी दिल्ली का यह पंडाल अपनी भव्य मूर्तियों और पारंपरिक अनुष्ठानों के लिए मशहूर है। यहां की पूजा में शामिल होने वाले भक्त घंटों कतार में खड़े होकर ‘देवी दर्शन’ करते हैं। साथ ही, शाम को होने वाले धुनुची नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रम यहां का मुख्य आकर्षण हैं। पूजा पंडाल की सजावट हर साल अलग थीम पर आधारित होती है, जो दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर देती है।

सिविल लाइन्स पूजा समिति
पुरानी दिल्ली का यह पंडाल ऐतिहासिक महत्व रखता है। लगभग 100 साल पुरानी इस समिति की पूजा परंपरा और भक्ति का प्रतीक मानी जाती है। यहां का माहौल बेहद आध्यात्मिक होता है, जहां भक्तगण शांति और श्रद्धा से देवी की आराधना करते हैं। पूजा समिति अलग-अलग सामाजिक उत्सवों और सेवा कार्यक्रमों का भी आयोजन करते हैं, जो इसे और खास बना देता है।

मैत्री मंदिर समिति, सफदरजंग एंक्लेव
दक्षिण दिल्ली का यह पंडाल अपनी अनोखी थीम्स और सजावट के लिए मशहूर है। हर साल समिति किसी सामाजिक संदेश या लोककला को केंद्र में रखकर पंडाल की डिजाइन तैयार करती है। यहां का वातावरण परिवार और दोस्तों के साथ घूमने के लिए एकदम बेस्ट है। पूजा के दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में डांस, म्यूजिक और कई कार्यक्रम देखने को मिलते हैं।

मिंटो रोड पूजा समिति
नई दिल्ली का यह पंडाल भी बेहद मशहूर है। यहां की मूर्तियां पारंपरिक शैली में बनाई जाती हैं और पंडाल की सजावट बेहद अनोखी होती है। पूजा के दिनों में यहां सांस्कृतिक गतिविधियां और भोग वितरण का आयोजन होता है, जिसमें हर वर्ग के लोग उत्साह से शामिल होते हैं। यहां की ‘सिंधूर खेला’ भी देखने लायक होता है।

Back to top button