दहला अफ़ग़ानिस्तान, 7 की मौत 21 घायल, तीन धमाकों से

अफगानिस्तान के काबुल शहर में गुरुवार की सुबह हुए लगातार तीन बम धमाकों में अभी तक सात लोगों के मारे जाने और 21 लोगों के घायल होने की जानकारी मिली है. यह जानकारी स्थानीय अधिकारियों ने दी है. काबुल के पुलिस प्रवक्ता फिरदावस फारामाज ने स्थानीय मीडिया को बताया है कि पहला धमाका सुबह 8:10 बजे हुआ, जब बाइक पर सवार एक फिदायीन हमलावर ने खान (माइंस) एवं पेट्रोलियम मंत्रालय के कर्मचारियों को ले जा रही एक बस को लक्ष्य बनाया.

आंतरिक मंत्रालय ने अपने एक बयान में कहा गया कि दूसरा धमाका बस हमले वाली जगह के पास ही किया गया था. सार्वजनिक स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता वाहिदुल्ला मायार ने एक बयान में कहा है कि, “इन हमलों में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई है और 21 लोग जख्मी हो गए हैं.” बम धमाकों में हुई मौत का आंकड़ा अभी और भी बढ़ सकता है.

आंतरिक मंत्रालय की तरफ से कहा गया है कि इन दो हमलों में मरने व घायल होने वालों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं. तीसरा हमला शहर के एक अन्य इलाके में हुआ है. इसमें एक विस्फोटक से भरे वाहन में धमाका किया गया था. यह धमाका आवासीय क्षेत्र के आसपास हुआ, जहां कई औद्योगिक कारखाने भी स्थित हैं.

Back to top button