थाईलैंड और कंबोडिया में अभी नहीं टला युद्ध का खतरा?

थाईलैंड और कंबोडिया की सीमा पर युद्ध का खतरा अभी पूरी तरह से टला नहीं है। थाईलैंड का आरोप है कि सीमा पर पेट्रोलिंग के दौरान लैंडमाइन फटने से उसके तीन जवान घायल हो गए। वहीं, कंबोडिया ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।
थाईलैंड की सेना के अनुसार, शनिवार की सुबह लगभग 10 बजे बॉर्डर पर पेट्रोलिंग करते हुए एक भयानक धमाका हुआ। इसमें तीन सैनिक बुरी तरह से घायल हो गए हैं।
ओटावा कंवेशन का उल्लंघन: थाईलैंड
थाईलैंड की आर्मी की प्रवक्ता विन्थाई सुवारी के अनुसार, यह घटना इस बात का सबूत है कि कंबोडिया सीमा पर खतरनाक हथियारों का इस्तेमाल कर रहा है। यह ओटावा कंवेशन का उल्लंघन है।
विन्थाई के अनुसार,
अगर कंबोडिया इसी तरह से सीमा पर हथियारों का इस्तेमाल करता रहा, तो इससे सीजफायर की कोशिशें विफल हो सकती हैं और क्षेत्र में शांति स्थापित करना भी मुश्किल हो जाएगा।
कंबोडिया ने किया इनकार
हालांकि कंबोडिया ने थाईलैंड के दावों का खंडन कर दिया है। कंबोडियन माइन एक्शन एंड विक्टिम असिस्टेंस अथॉरिटी (CMAA) ने शनिवार की शाम को कहा, हमने सीमा पर कोई भी नई माइन नहीं बिछाई हैं। सीमा पर लैंडमाइन फटने और तीन सैनिकों के घायल होने का कोई पुख्ता सबूत पेश नहीं किया गया है।
7 अगस्त को हुआ था सीजफायर
बता दें कि कई दिनों के युद्ध के बाद थाईलैंड और कंबोडिया ने 7 अगस्त को सीजफायर पर सहमति दर्ज की थी। मलेशिया में सीजफायर के लिए राजी होते हुए दोनों देशों ने भरोसा जताया था कि उनकी सेना यथास्थिति बरकरार रखेगी और सीमा पार नहीं करेगी।