चेतन के जूते में छिपा है एक गहरा राज, जिसे पुलिस कर रही है नजर अंदाज

नाहरगढ़ किले पर लटकर हुई चेतन सैनी की संदिग्ध मौत का रहस्य बरकरार है। चार दिनों बाद भी पुलिस किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। सीसीटीवी फुटेज में एक रास्ते पर चेतन को अकेला देख पुलिस ने जरूर आत्महत्या का दावा किया है, लेकिन उसका एक जूता कुछ और ही कहानी कह रहा है।
चेतन के जूते में छिपा है एक गहरा राज, जिसे पुलिस कर रही है नजर अंदाजकिले की जिस बुर्ज पर चेतन सैनी लटका मिला, उसका एक जूता वहीं, बुर्ज पर सलीके से रखा हुआ था। इसी जूते में चाय के तीन छोटे कप और एक प्लास्टिक की थैली रखी ​हुई मिली। सवाल यह उठता है कि ये चाय के कप जूते में किसने रखे, और कहां से आए। अगर कोई साथ नहीं था, तो तीन कप क्यों जूते में रखे गए।

जानकारों का मानना है कि तीन कप बता रहे हैं कि मौत से पहले बुर्ज पर चेतन के अलावा दो या तीन व्यक्ति और मौजूद होंगे, या हो सकता है कि उन्होंने साथ चाय भी पी हो। किले पर शहर से प्लास्टिक थैली में चाय लेकर आना मुश्किल है। इससे संभावना है कि यह चाय किले पर ही खरीदी होगी।

मौत पर ये है सुलगते सवाल जो मांग रहे हैं जवाब

नाहरगढ़ की पहाड़ी पर चरण मंदिर और टीवी टॉवर के आसपास कुछ लोग देर शाम तक चाय बेचने का काम भी करते हैं। जहां से आसानी से चाय उस बुर्ज तक लाई जा सकती है। इन सवालों के ठोस जवाब फिलहाल पुलिस के पास नहीं है। यदि वहां चाय पी गई तो इन तीनों कपों और प्लास्टिक की थैली को बुर्ज पर फेंकने के बजाए चेतन के जूते में व्यवस्थित तरीके से रखना, अपने आप में सवाल उठा रहा है।

एक और अहम सवाल कि सुसाइड करने वाला एक जूता पहनकर ही क्यों सुसाइड करेगा। वह एक जूता बुर्ज पर क्यों उतारेगा। इसी तरह, वहां मौत से पहले स​ब कुछ व्यवस्थित था। जैसे कि इतने पत्थरों पर कोयले से लिखना। लेकिन घिसे हुए कोयले के टुकड़े वहां नहीं फैलाना। जिन पत्थरों पर पद्मावती और काफिरों को लेकर विवादित अंश लिखे गए, उनमें खास है कि एक शब्द भी पत्थर के बाहर नहीं गया और पत्थर के आकार के अनुसार ही उस पर छोटा-बड़ा मैसेज लिखा गया। इसी बुर्ज पर करीब 25 पत्थरों पर पद्मावती फिल्म को लेकर विवादित बातें कोयलें से लिखी गई थीं। 

इन तथ्यों से यह सवाल खड़ा होता है कि खुदकुशी से पहले चेतन ने इतना सबकुछ क्यों किया। वह आर्थिक तंगी, गृहक्लेश या फिर किसी और कारण से खुदकुशी करता तो ऐसी विवादित टिप्पणियां क्यों लिखता?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button