डेढ़ करोड़ रुपये तक की बिक्री करने वाले कारोबारियों को मिलेगा लाभ

जीएसटी ने डेढ़ करोड़ रुपये तक का कारोबार करने वालों को बड़ा तोहफा दिया है। जल्द ही इस सीमा में आने वाले कारोबारियों को जीएसटीएन पोर्टल पर ही एक साफ्टवेयर की सुविधा मिलेगी जिससे वे खरीद, बिक्री की इनवाइस जारी करने के साथ ही रिटर्न भी फाइल कर सकेंगे। 31 मार्च 2021 तक यह सुविधा निश्शुल्क मिलेगी।

जीएसटीएन पोर्टल पर जल्द ही क्लाउड आधारित आठ सॉफ्टवेयर कारोबारियों को मिलेंगे। इन्हें लैपटॉप और डेस्कटॉप दोनों पर डाउनलोड किया जा सकेगा। इन सॉफ्टवेयरों से कारोबारी अपनी रोज की खरीद, बिक्री दर्ज करने के साथ बिलिंग और अकाउंटिंग भी कर सकेंगे। खरीद और बिक्री के साथ ही इसमें कैश लेजर, इनवेंट्री मैनेजमेंट, सप्लायर, कस्टमर मास्टर, इनवाइस, जीएसटी रिटर्न के फीचर मुफ्त होंगे। हालांकि मार्च 2021 के बाद कारोबारियों को इसका शुल्क देना होगा। जीएसटी हेल्प डेस्क से इसका कोई संबंध नहीं है। इसलिए इसके प्रश्न और जवाब जीएसटीएन पोर्टल के लिंक पर ही मिलेंगे।

इन्हें मिलेगा लाभ

  • -सामान्य करदाता
  • -समाधान योजना अपनाने वाले।
  • -एसईजेड डेवलपर्स।
  • -एसईजेड की यूनिट। 

कारोबारियों की बात

कारोबारी ज्यादातर इसी बात को लेकर परेशान होते हैं कि कैसे लिखा-पढ़ी की जाए, इस सॉफ्टवेयर से आसानी होगी। -संत मिश्रा, महामंत्री, कानपुर युवा उद्योग व्यापार मंडल।

यह साफ्टवेयर कारोबारियों का लोड काफी कम कर देगा। कारोबारी गतिविधियां आसानी से पूरी की जा सकेंगी। -ज्ञानेश मिश्रा, प्रदेश महामंत्री, अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल

1.5 करोड़ रुपये से कम बिक्री वाले कारोबारी आसानी से अपना काम कर सकेंगे। सॉफ्टवेयर के जरिए वे अपने अकाउंट भी रख सकेंगे और इनवाइस भी जारी कर सकेंगे। -आशीष गुप्ता, टैक्स सलाहकार।

Back to top button