डीवीसी डैमों को दुरुस्त कराए केंद्र: ममता बनर्जी

कोलकाता : मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को केंद्र को कहा है कि दामोदर घाटी निगम (डीवीसी) के डैमों को दुरुस्त किया जाए। क्योंकि, जल भंडारण की व्यवस्था सुदृढ़ नहीं होने की वजह से मानसून की भीषण बारिश के बीच विभिन्न डैमों से जल छोड़े जाने से बाढ़ की स्थिति उत्पन्न गई है।

ममता ने कहा कि डीवीसी के डैम काफी पुराने हैं। समय-समय पर उसे साफ नहीं किया जाता है, जिसके परिणामस्वरूप गाद भर जाने से पानी की भंडारण क्षमता कम होती जा रही है। अगर समय पर ड्रेजिंग होती तो दो लाख क्यूसेक पानी वहां जमा रखा जा सकता था। दिल्ली से लौटने के बाद कोलकाता हवाई अड्डे पर ममता ने कहा कि केंद्र को तत्काल डीवीसी के सभी डैमों के जलभंडारण की क्षमता बढ़ानी चाहिए। उन्होंने कहा कि मैं 2012 से ही डैमों की मरम्मत और सफाई मांग करती आ रही हूं। बंगाल भौगोलिक रूप से झारखंड
से निचले हिस्से में पड़ता है। इसलिए झारखंड में बारिश होती है तो उसका सबसे बुरा असर बंगाल पर पड़ता है। डीवीसी विभिन्न बैराजों से पानी छोड़ देता है और बंगाल में बाढ़ की स्थिति पैदा हो जाती है।
बंगाल में बाढ़ की स्थिति गंभीर होती जा रही है। ममता ने कहा कि फरक्का बैराज की ड्रेजिंग करने की जरूरत है। डीवीसी के सभी बैराजों की मरम्मत की जानी चाहिए। हल्दिया और कलकत्ता बंदरगाह का बहुत दिनों से ड्रेजिंग नहीं हुई है। वह लगातार केंद्र से इसकी मांग करती आ रही है।





