डीएवी कालेज के प्राचार्य ने दिए छात्रों के सवालों के जवाब फैकल्टी चेंज के लिए न्यूनतम 55 फीसद अंक जरूरी

शहर के महाविद्यालयों में प्रवेश शुरू हो चुके हैं। सबसे अधिक सीटों की संख्या वाले डीएवी कॉलेज में छात्र-छात्राएं स्नातक व परास्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश ले सकते हैं। गुरुवार को प्रवेश व पाठ्यक्रम को लेकर तमाम छात्र-छात्राओं ने डीएवी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अमित श्रीवास्तव से सवाल पूछे। वह सर्वोदय नगर स्थित दैनिक जागरण कार्यालय में थे और जागरण प्रश्न पहर में पूछे गए सवालों का जवाब दे रहे थे। प्रस्तुत हैं सवाल-जवाब।

प्रश्न- बीकॉम थर्ड इयर की फीस कितनी है? जय, गोविंद नगर

उत्तर – इस पाठ्यक्रम की फीस 3139 रुपये है। विवि ने इस सत्र में परीक्षा शुल्क भी बढ़ा दिया है।

प्रश्न-क्या बीएड में प्रवेश होते हैं, पर रैंक दो लाख के आसपास है? राखी गुप्ता, नवाबगंज

उत्तर- देखिए, सभी प्रवेश काउंसिलिंग के आधार पर होते हैं। जब काउंसिलिंग से सीट नहीं भरती हैं, तब सीधे प्रवेश का विकल्प लेते हैं।

प्रश्न- बीएड में प्रवेश के लिए क्या करना होगा? नागेंद्र दीक्षित, आजाद नगर

उत्तर- अगर आप प्रवेश परीक्षा पास कर लेते हैैं तो ही दाखिला मिलेगा। आपको पहले काउंसिलिंग में प्रतिभाग करना होगा। फीस लगभग 51250 रुपये के आसपास होती है।

प्रश्न-प्रवेश के लिए कौन-कौन से दस्तावेज जरूरी हैं? शुभम कुमार, फेथफुलगंज

उत्तर- जिस कक्षा में दाखिला ले रहे हैैं, उससे पहले की अंकतालिकाएं, आधार, निवास का प्रमाणपत्र जरूरी होगा।

प्रश्न- बीएससी में कितने विषयों मेें दाखिला ले सकते हैं, क्या करना होगा? रचित, बिरहाना रोड

उत्तर- इसके लिए विषयों के कॉम्बिनेशन को देखना होगा। अगर गणित लेना नहीं चाह रहे हैं तो कॉलेज में संपर्क करना होगा।

प्रश्न- बीएससी किया है। एमए में प्रवेश लेना चाह रहा था? अर्पित, यशोदा नगर

उत्तर- अगर आपके 48 फीसद अंक हैं, तो आप प्रवेश नहीं ले सकते। फैकल्टी चेंज के लिए न्यूनतम 55 फीसद अंक होने चाहिए।

प्रश्न- 10 साल पहले बीएससी किया था, बीएनडी से। क्या अब एमएससी में दाखिला मिल जाएगा? आशीष, रामादेवी

उत्तर- देखिए, पांच वर्षों के गैप पर विवि दाखिले की अनुमति दे देता है। लेकिन उसके बाद नियम बदल जाते हैं। एक प्रार्थना पत्र दे दीजिए और फिर विवि में संपर्क करिए।

प्रश्न- तीसरी बार एमए कर रही हूं, पर पीएचडी के लिए क्या करना होगा? नेहा वर्मा, नवाबगंज

उत्तर- पीएचडी के लिए नेट जरूरी नहीं है। हां, जो नियम हैं उनके लिए आप विवि में संपर्क करिए। बात सीएसजेएमयू की करें तो आपको प्रवेश परीक्षा देनी होगी।  

Back to top button