ट्रेड वार पर अमेरिका के बदले रुख से बाजार में तेजी

अमेरिका और चीन के बीच चल रहे ट्रेड वार में अमेरिका के रुख में बदलाव आने के बाद दुनियाभर के बाजारों के मजबूत रुझान के बीच भारतीय शेयर बाजार में भी तेजी दर्ज की गई। इस दौरान आईटी और वित्तीय शेयरों में अधिक लिवाली देखी गई।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन के उत्पादों के आयात पर शुल्क बढ़ाने के लिए एक मार्च की समय सीमा को आगे बढ़ाने की घोषणा की है। बीएसई का सेंसेक्स 341.90 अंकों की तेजी के साथ 36,213.38 पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 88.45 अंकों की तेजी के साथ 10,880.10 पर बंद हुआ।
जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के रिसर्च प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि अमेरिका-चीन व्यापार वार्ता में प्रगति के संकेत मिलने और विदेशी पूंजी के देश में वापस आने के कारण बाजार में तेजी दर्ज की गई। ब्रोकरों ने कहा कि फरवरी के डेरिवेटिव सौदों की गुरुवार को होने वाली एक्सपायरी से पहले सटोरियों द्वारा की गई शॉर्ट कवरिंग के कारण भी बाजार में तेजी को बल मिला।
होली पर Railway लोगों के लिए कर रहा है ये बड़ी तैयारी, आसान होगी यात्रा
सेंसेक्स में यस बैंक में सर्वाधिक 3.24 फीसद तेजी रही। टीसीएस, इन्फोसिस, एचसीएल टेक और इंडसइंड बैंक में भी 3.07 फीसद तक उछाल देखा गया। दूसरी ओर कोल इंडिया में सर्वाधिक 0.37 फीसद गिरावट रही। एलएंडटी, ओएनजीसी, एसबीआइ और रिलायंस इंडस्ट्रीज में भी 0.20 फीसद तक गिरावट रही।
सैंक्टम वेल्थ मैनेजमेंट के मुख्य निवेश अधिकारी सुनील शर्मा ने कहा कि व्यापारिक तनाव घटने से आइटी और वित्तीय शेयरों में भारी तेजी देखी गई। सेक्टरों के लिहाज से बीएसई का आइटी सेक्टर सर्वाधिक 2.46 फीसद उछला। टेक में 2.11 फीसद, बेसिक मैटेरियल्स में 1.17 फीसद, वाहन में 1.11 फीसद, बैंकिंग में 0.86 फीसद और वित्तीय सेक्टर में 0.79 फीसद तेजी रही। दूसरी ओर रियल्टी सेक्टर में सर्वाधिक 0.86 फीसद गिरावट रही।





