टिहरी के नीर गांव में फटा बादल, दो मकान जमींदोज, लापरवाही में जेई निलंबित

ऋषिकेश। जनपद टिहरी की दोगी पट्टी के नीर गांव में मंगलवार देर रात बादल फटने से दो मकान जमींदोज हो गए, लेकिन कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। बादल फटने से फसलों को काफी नुक्सान हुआ है। मौके का निरीक्षण करने पहुंचे कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने आला अधिकारियों को शीघ्र ही नुकसान का आंकलन कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए। कैबिनेट मंत्री के दौरे के समय जेई के मौके पर मौजूद ना होने के कारण उसे निलंबित कर दिया है।

स्थानीय निवासियों के अनुसार मंगलवार रात करीब दो बजे नीर गांव में बनी नहर के मुहाने पर बादल फट गया। इससे भारी मात्रा में मलबा नहर के रास्ते होता हुआ, खेतों में जा पहुंचा। इस कारण यहां अधिकांश खेतों की फसलें नष्ट हो गई। साथ ही दो मकानों को मलबे ने अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान मकान में रहने वाले लोगों ने किसी तरह से भागकर अपनी जान बचाई। दहशत का आलम यह रहा कि पूरी रात गांव वालों को जागकर काटनी पड़ी।

बुधवार को मौके का निरीक्षण करने पहुंचे कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने यहां आपदा से प्रभावित हुए करीब तीन किलोमीटर क्षेत्र का पैदल चलकर निरीक्षण किया। इसमें उन्होंने पाया कि अधिकांश खेतोें की फसलें बह चुकी है। साथ ही दो मकान इसकी चपेट में आकर ध्वस्त हो गए हैं। इस पर कैबिनेट मंत्री ने उपजिलाधिकारी और तहसीलदार को नीर गांव में आपदा से हुए नुकसान का आंकलन कर शीघ्र रिपोर्ट सौंपने के लिए कहा।

आपदा के दौरान ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर पीएमजीएसवाई विभाग के एक जेई के उपर गाज गिरी है। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने जिलाधिकारी टिहरी को फोन माध्यम से जेई को संस्पेंड करने के निर्देश दिए हैं। दरसअल नीर गांव में आपदा का निरीक्षण करने के दौरान पीएमजीएसवाई विभाग के जेई के अनुपस्थित होने पर कैबिनेट मंत्री का पारा चढ़ गया। उन्होंने तत्काल डीएम टिहरी को उसे संस्पेंड करने के निर्देश दिए। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि काम में लापरवाही को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Back to top button