जिद्दी पिंपल्स से छुटकारा पाने के लिए ट्राई करें नीम से बने ये 4 असरदार फेस पैक्स

पिंपल्स एक ऐसी समस्या है, जिससे लगभग हर कोई कभी न कभी परेशान जरूर होता है। धूल, प्रदूषण और बदलती लाइफस्टाइल के कारण त्वचा की चमक खो जाती है और चेहरे पर जिद्दी पिंपल्स अपना घर बना लेते हैं। ऐसे में आयुर्वेद का सबसे भरोसेमंद साथी नीम एक रामबाण इलाज साबित होता है।

नीम में एंटी-बैक्टीरियल, एंटी-फंगल और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं, जो पिंपल्स पैदा करने वाले बैक्टीरिया को खत्म करते हैं और उनके निशानों को भी कम करने में मदद करते हैं। आइए जानते हैं नीम के 4 असरदार फेस पैक्स, जिन्हें आप आसानी से घर पर बना सकते हैं।

नीम और हल्दी फेस पैक
नीम और हल्दी दोनों ही अपने औषधीय गुणों के लिए जाने जाते हैं। यह पैक खासतौर से उन लोगों के लिए है जिनके चेहरे पर लाल और दर्दनाक पिंपल्स होते हैं।

कैसे बनाएं- 1 बड़ा चम्मच नीम की पत्तियों का पाउडर लें और उसमें एक चुटकी हल्दी मिलाएं। थोड़ा पानी या गुलाब जल डालकर गाढ़ा पेस्ट बना लें। इसे अपने चेहरे के पिंपल्स पर लगाएं और 15-20 मिनट बाद ठंडे पानी से धो लें। हल्दी पिंपल्स की सूजन कम करती है और नीम इन्फेक्शन को रोकता है।

नीम और मुल्तानी मिट्टी
अगर आपकी त्वचा बहुत ज्यादा ऑयली है, तो मुल्तानी मिट्टी नीम के साथ मिलकर कमाल कर सकती है। यह पैक पोर्स से एक्स्ट्रा ऑयल सोख लेता है और त्वचा को गहराई से साफ करता है।

कैसे बनाएं- 1 चम्मच मुल्तानी मिट्टी में 1 चम्मच नीम पाउडर और गुलाब जल मिलाएं। इस पेस्ट को पूरे चेहरे पर लगाएं। सूखने के बाद इसे सादे पानी से धो लें। यह चेहरे के ऑयल को कंट्रोल कर नए पिंपल्स को आने से रोकता है।

नीम और एलोवेरा फेस पैक
कभी-कभी पिंपल्स के कारण त्वचा रूखी और बेजान हो जाती है। एलोवेरा त्वचा को हाइड्रेट रखता है जबकि नीम पिंपल्स का इलाज करता है।

कैसे बनाएं- ताजा एलोवेरा जेल लें और उसमें 1 चम्मच नीम का पाउडर मिलाएं। इस मिश्रण से 2-3 मिनट हल्के हाथों से चेहरे की मसाज करें और फिर 15 मिनट के लिए छोड़ दें। यह पैक पिंपल्स के दाग-धब्बों को हल्का करने के लिए बेहतरीन है।

नीम और दही फेस पैक
दही में लैक्टिक एसिड होता है जो त्वचा को एक्सफोलिएट करता है और नीम गंदगी को साफ करता है। यह पैक त्वचा की रंगत निखारने में भी मदद करता है।

कैसे बनाएं- 1 चम्मच नीम पेस्ट में 1 बड़ा चम्मच ताज़ा दही मिलाएं। इसे चेहरे पर लगाकर सूखने दें। दही की ठंडक पिंपल्स की जलन से राहत दिलाएगी और त्वचा को चमकदार बनाएगी।
जरूरी नोट- किसी भी पैक को चेहरे पर लगाने से पहले कान के पीछे लगाकर पैच टेस्ट जरूर करें, ताकि जलन या एलर्जी का पता चल सके।

Back to top button