जितिन प्रसाद ने राज्यपाल राम नाईक से की मुलाकात

यूपी की खराब कानून व्यवस्था और बाढ़ के मुद्दे पर जताई चिंता
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
लखनऊ। सीतापुर जिले में 84 दिनों से लापता अजय कुमार पासी के मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने और लखीमपुर में शिवानी मिश्रा की छेडख़ानी का विरोध करने पर हाथ काट दिये जाने सहित अन्य मुद्दों को लेकर कांगे्रस नेता जितिन प्रसाद ने राज्यपाल राम नाईक से मुलाकात की। उन्होंने शाहजहांपुर, सीतापुर, लखीमपुर में लगातार बिगड़ती जा रही कानून व्यवस्था पर चिन्ता व्यक्त करते हुए कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद भी कोई राहत कार्य नहीं हो रहा है। यह चिंता का विषय है। इसलिए आप मामले को गंभीरता से लेकर हस्तक्षेप करें।
जितिन प्रसाद ने राज्यपाल को सौंपे ब्यौरे में कहा कि लखीमपुर, सीतापुर सहित प्रदेश के कई जनपदों में कानून व्यवस्था की स्थिति अत्यंत खराब है। लखीमपुर, सीतापुर, गोरखपुर, बहराइच, बलरामपुर, महराजगंज, गोण्डा सहित विभिन्न जनपदों में बाढ़ की स्थिति बहुत ही विकट हो चुकी है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर राहत कार्य चलाये जाने की आवश्यकता है। विगत जून महीने में सीतापुर में व्यापारी सुनील जायसवाल, उनकी पत्नी एवं बेटे की गोली मारकर हत्या कर दिया गया था लगभग तीन माह बीत चुका है, जिसमें प्रभावी कार्रवाई किये जाने की आवश्यकता है। राज्यपाल ने जितिन प्रसाद को आश्वस्त किया कि वह शिवानी मिश्रा की चिकित्सा के बारे में मेडिकल कालेज के कुलपति को बुलाकर बात करेंगे एवं कानून व्यवस्था व बाढ़ की समस्या के बारे में मुख्यमंत्री से वार्ता करेंगे।





