जानिये लॉकडाउन और आइसोलेशन में कैसी हो आपकी लाइफस्टाइल
लखनऊ : कोरोना वायरस के कहर के चलते ज्यादातर लोगों को घर में रहने को मजबूर कर दिया है । लॉकडाउन और सोशल आइसोलेशन के इस 21 दिनों में से बचे पीरियड में मेंटल -फिजिकल हेल्थ को मेंटेन रखना और रोगों से लड़ने की क्षमता बढ़ाना बेहद जरूरी है।
हालांकि इस इन्फेक्शन को रोकने का कोई फूल प्रूफ तरीका नहीं है लेकिन आप अपने शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ा सकते हैं । सुपरफूड कई प्रकार के संक्रमण और प्रदूषण से शरीर की रक्षा कर सकते हैं। हमें तरह-तरह के फल सब्जियों का सेवन करना चाहिए जिनसे हमें विटामिन , मिनरल मिल सकें। उनमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट, विटामिन बी, विटामिन सी और डी शरीर को स्वस्थ व मजबूत बनाने के लिए बहुत ज़रूरी है । इन दिनों तुलसी, गिलोय, अदरक, लहसुन, नींबू, हल्दी आदि का नियमित सेवन करें।
पेट रखें सही : न्यूट्रीशनिस्ट बताते हैं कि पेट हमारे शरीर की इम्युनिटी का हेड क्वार्टर होता है। इम्युनिटी इम्प्रूव करने की 80 प्रतिशत भूमिका पेट की ही होती है। इसलिए पेट को हमेशा स्वस्थ रखें । गुड बैक्टीरिया के सेवन से इसमें मौजूद बुरे बैक्टीरिया का मुकाबला किया जा सकता है। इसके लिए प्रोबायोटिक व प्रीबायोटिक फूड का सेवन करना चाहिए । प्रीबायोटिक्स में फ्लेक्स सीड, चिया सीड, ओट, बार्ली, सेब, केला, लहसुन, आलू, कीवी आदि शामिल हैं।
इनसे बनाएं दूरी : बाजारू चाट पकोड़े,फास्ट फूड , जंक फूड, स्मोकिंग, अल्कोहल ,जरूरत से ज्यादा एक्सरसाइज, फिजिकली एक्टिव न रहना, हाइजीन की कमी ,चीनी ,मैदा, नमक का ज्यादा सेवन और मनमर्जी से एंटीबायोटिक दवाई से दूरी बनाकर रखें।
स्ट्रेस रखें दूर : स्ट्रेस की सिचुएशन में हमारे शरीर में ऐसे हारमोंस रिलीज होते हैं जो इम्यून सिस्टम पर प्रतिकूल असर डालते हैं। इसलिए हमें तनाव व चिंतारहित रहते हुए खुश रहने की कोशिश करनी चाहिए। इसके लिए आपको क्रिएटिव होने, बिजी रहने और म्यूजिक मूवी आदि का सहारा लेना चाहिए ।
पर्याप्त नींद लें : बीमारी से जुड़ी निगेटिव खबरें सुन सुनकर हमारा मन बेचैन हो जाता है। हम चाय कॉफी का ज्यादा सेवन करने लगते हैं। इससे न सिर्फ स्ट्रेस बढ़ता है बल्कि इम्यून सिस्टम भी कमजोर होता है । इसलिए रात को कम से कम 7 घंटे सोने की कोशिश करें। इसके अलावा नियमित व्यायाम से न सिर्फ शरीर स्वस्थ रहता है बल्कि स्ट्रेस से राहत मिलने की वजह से हमारा मन भी दुरुस्त रहता है। सुबह की धूप में रहने की आदत डालें ।





