जानिए वरुण और अनुष्का के ‘सुई धागा’ का दूसरे हफ़्ते क्या रहा हाल

वरुण धवन और अनुष्का शर्मा की फ़िल्म ‘सुई धागा’ बॉक्स ऑफ़िस पर बेहतरीन प्रदर्शन कर रही है। रिलीज़ के दूसरे हफ़्ते में चल रही फ़िल्म ने थोड़े हिचकोले खाने के बाद वीकेंड में बढ़त हासिल की है। हालांकि नई रिलीज़ फ़िल्मों की वजह से इसकी चुनौतियां बढ़ गयी हैं।

इस शुक्रवार (6 अक्टूबर) को सुई धागा दूसरे हफ़्ते में प्रवेश कर गयी। दूसरे शुक्रवार को फ़िल्म ने ₹1.75 करोड़ का कलेक्शन किया, मगर शनिवार को आंकड़ों में लगभग 77 फीसदी की तेज़ी आयी और ₹3.10 करोड़ जमा किये। इसके साथ सुई धागा का 9 दिनों का कलेक्शन ₹67.35 करोड़ हो गया है। दूसरे हफ़्ते में फ़िल्म की स्क्रींस घटकर आधी रह गयी हैं। सुई धागा फिलहाल 1100 स्क्रींस पर चल रही है। हालांकि दुनियाभर में फ़िल्म का ग्रॉस कलेक्शन ₹100 करोड़ हो चुका है। दूसरे हफ़्ते में सुई धागा के सामने लवयात्री, अंधाधुन और हॉलीवुड फ़िल्म वेनम की चुनौतियां हैं। ख़ासकर, श्रीराम राघवन की अंधाधुन सुई धागा को कड़ी टक्कर दे सकती है। इस फ़िल्म को लेकर दर्शकों की प्रतिक्रिया उत्साहित करने वाली हैं। इस डार्क थ्रिलर में आयुष्मान खुराना, तब्बू और अनिल धवन ने मुख्य किरदार निभाये हैं।

पहले हफ़्ते में सुई धागा ने बटोरे 62 करोड़

28 सितम्बर को रिलीज़ हुई फ़िल्म ने ₹8.30 करोड़ की ओपनिंग ली थी, जबकि पहले शनिवार को ₹12.25 करोड़ और रविवार को ₹16.05 करोड़ जमा किये थे। इस तरह ओपनिंग वीकेंड में ₹36.60 करोड़ जमा किये थे। सुई धागा पहले सोमवार यानि रिलीज़ के चौथे दिन फ़िल्म ने ₹7 करोड़ जमा किये। 2 अक्टूबर को सरकारी छुट्टी होने की वजह से सुई धागा के कलेक्शंस में तगड़ा उछाल आया और फ़िल्म ने ₹11.75 करोड़ जमा कर लिये। हालांकि बुधवार को फ़िल्म का कलेक्शन काफ़ी गिर गया और महज़ ₹3.80 करोड़ ही जमा हुए। गुरुवार को फ़िल्म को ₹3.35 करोड़ मिले और इसके साथ पहले हफ़्ते में सुई धागा का कलेक्शन ₹62.50 करोड़ हो गया था। सुई धागा को दुनिया भर में 3200 स्क्रीनों पर रिलीज किया गया था, जिनमें से 2500 भारत में थीं।

बॉक्स ऑफ़िस पर ऐसा रहा है वरुण का करियर

वरुण ने खुद को एक बहुआयामी एक्टर के तौर पर स्थापित कर लिया है। कमर्शियल और नॉन कमर्शियल फिल्मों में वो समान रूप से काम कर रहे हैं और इसमें उन्हें सफलता भी मिल रही है। वरुण धवन की इस साल ये दूसरी रिलीज़ है। इससे पहले शूजित सरकार की अक्टूबर में वरुण डेब्यूटेंट बनिता संधू के साथ आए थे। ये फिल्म क्रिटिक्स की पसंद रही, मगर ₹45.36 करोड़ का कलेक्शन करके बॉक्स ऑफिस पर औसत साबित हुई। अलबत्ता वरुण की एक्टिंग को सभी ने खूब सराहा था।

वरुण ने अपना करियर करण जौहर निर्देशित स्टूडेंट ऑफ़ द ईयर से 2012 में शुरू किया था, जिसमें आलिया भट्ट और सिद्धार्थ मल्होत्रा उनके साथ थे। ₹70 करोड़ का कलेक्शन करके फ़िल्म सुपरहिट रही। 2014 में वरुण 2 फ़िल्मों में नज़र आये- मैं तेरा हीरो और हम्पटी शर्मा की दुल्हनिया। डेविड धवन निर्देशित मैं तेरा हीरो ₹55 करोड़ कमाकर फ़ायदे में रही, वहीं हम्पटी शर्मा की दुल्हनिया ₹78 करोड़ का कलेक्शन करके हिट रही थी। 2015 मेंं वरुण 3 फ़िल्मों में बतौर लीड या पैरेलल लीड में दिखे। ये फ़िल्में हैं- बदलापुर, एबीसीडी2 और दिलवाले। इनमें श्रीराम राघवन निर्देशित बदलापुर ₹53 करोड़ जमा करके हिट रही थी। रेमो डिसूज़ा की डांस फ़िल्म एबीसीडी2 ने ₹107 करोड़ जमा किये और फ़ायदे में रही।

वहीं, रोहित शेट्टी निर्देशित दिलवाले में वरुण ने शाह रुख़ ख़ान के साथ स्क्रीन स्पेस शेयर किया। यह फ़िल्म ₹148 करोड़ का कलेक्शन करके प्लस में रही थी। 2016 में वरुण धवन के भाई रोहित धवन ने उन्हें लेकर ढिशूम बनायी, जिसमें जॉन अब्राहम ने पैरेलल लीड रोल प्ले किया। यह फ़िल्म ₹70 करोड़ का कलेक्शन करके औसत रही। 2017 में वरुण ने बद्रीनाथ की दुल्हनिया और जुड़वां2 में नज़र आये। बद्रीनाथ की दुल्हनिया ₹116.60 करोड़ जमा करके सुपरहिट रही, वहीं सलमान ख़ान की जुड़वां की रीमेक जुड़वां2 ₹138 करोड़ का कलेक्शन करके हिट रही। इसे वरुण के डैड डेविड धवन ने डायरेक्ट किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button