जानिए, केंद्र के एतिहासिक फैसले पर कानपुर में किस नेता ने क्या कहा…

लोकसभा चुनाव से पहले की घोषणा के अनुसार अनुच्छेद 370 को हटाने को लेकर केंद्र सरकार के एतिहासिक फैसले की शहर के लोगों ने सरहाना शुरू कर दी है। लोगों के बीच जश्न का माहौल शुरू हो गया है, वहीं सोशल मीडिया पर भी प्रतिक्रियाओं का दौर तेजी से जारी है।

नेताओं ने भी अपनी-अपनी बात कहते हुए अच्छे परिणाम और नुकसान को लेकर भी चर्चाएं शुरू कर दी हैं। भाजपाइयों ने जश्न बना मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया तो लोगों ने डीपी, स्टेटस और फेसबुक की पोस्ट से फैसले का स्वागत किया।कश्मीर मामले में अनुच्छेद 370 हटाने के केंद्र एतिहासिक फैसले की खबर टीवी और न्यूज पोर्टल पर जैसे ही आई तो लोगों के बीच खुशी जताते हुए सराहना का सिलसिला शुरू हो गया।
वहीं सोशल मीडिया के माध्यम वाट्सएप व फेसबुक आदि पर विभिन्न संगठन के पदाधिकारियों की भी प्रतिक्रियाएं चालू हो गईं। सभी ने इसे मोदी सरकार का ऐतिहासिक फैसला बताया। भारतीय जनता युवा मोर्चा के महामंत्री शिवांग मिश्रा का कहना है कि फैसले से हर देशवासी खुश है। ज्योति महिला समिति की पूर्व अध्यक्ष लक्ष्मी शुक्ला ने कहा कि मोदी सरकार में ही ऐसा हो सकता था, ये बात सभी जानते थे।
इस फैसले का स्वागत और सम्मान सभी को करना चाहिए, इसे राजनीतिक रंग देने की जरूरत नहीं है। रोटरी क्लब ऑफ ब्रह्मावर्त के मीडिया प्रभारी डॉ. बीवी शुक्ला ने कहा कि इस फैसले से जम्मू-कश्मीर की कई समस्याओं का निदान होगा और लोगों के अंदर का डर भी खत्म होगा।
पढि़ए, भाजपा नेताओं की राय
- भाजपा सरकार की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है। इस फैसले से यह साबित हो गया है। केंद्र का यह एतिहासिक फैसला देशवासियों के लिए गर्व की बात है। -प्रमिला पांडेय महापौर
- केंद्र के इस फैसले से अमन और चैन बढ़ेगा और वहां तरक्की के लिए रास्ते खुलेंगे। ऐसा एतिहासिक फैसला सिर्फ मोदी सरकारी ही ले सकती थी।-अरुण पाठक, एमएलसी भाजपा
- इतना बड़ा फैसला लेने की ताकत सिर्फ भाजपा सरकार में ही थी। यह फैसला कश्मीर के लिए उन्नति के रास्ते खोलेगा और देशवासियों को गर्व का अहसास कराएगा। -अभिजीत सिंह सांगा, विधायक भाजपा
- देश की स्वतंत्रता के बाद से अनुच्छेद 370 और धारा 35ए एकता, अखंडता और संप्रभुता को लगातार चुनौती देने वाला विषय रहा है, इस चुनौती को समाप्त करने वाले प्रधानमंत्री और गृहमंत्री को बहुत बहुत धन्यवाद। -नीलिमा कटियार, विधायक भाजपा
- यह फैसला सही है लेकिन अलगाववाद न हो बल्कि लोगों में जुड़ाव की भावना पैदा हो। कश्मीर से आने वाले और कश्मीर जाने वालों के बीच आपस में खुशी और सद्भाव का माहौल बने।-अमिताभ बाजपेयी, विधायक सपा
- ये देश हित में लिया गया फैसला है, इससे कश्मीर की जनता को फायदा मिलना चाहिए। पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष ने फैसले का स्वागत किया है, हम उनका समर्थन करते हैं। -इरफान सोलंकी, सपा विधायक





