#राजस्थान: जयपुर में ट्रांसफार्मर फटा हुई 14 की मौत, 95% तक झुलसे 7 लोग हॉस्पिटल में भर्ती

जयपुर. जिले की विराटनगर तहसील के ढाणी गुजरान गांव में ट्रांसफार्मर फटने से हुए हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है। मृतकों में एक बच्चा और 4 महिलाएं भी शामिल हैं। इस घटना में 95% तक झुलसे 7 अन्य लोग एसएमएस हॉस्पिटल में भर्ती हैं। सीएम वसुंधरा राजे समेत अन्य बीजेपी नेताओं ने एसएमएस हॉस्पिटल पहुंचकर घायलों का हालचाल पूछा। केंद्रीय मंत्री राज्यवर्द्धन सिंह राठौड़ भी बुधवार को हॉस्पिटल पहुंचे। राजस्थान: जयपुर में ट्रांसफार्मर फटा हुई 14 की मौत, 95% तक झुलसे 7 लोग हॉस्पिटल में भर्ती

ससुराल के लोग भात भरने आए थे, तभी हादसा हुआ…

– ढाणी गुजरान के भैरूराम गुर्जर की 2 बेटियों की मंगलवार दोपहर देवउठनी के सावे पर शादी थी। ससुराल के लोग भात भरने आए थे, उनके स्वागत के दौरान ही ये हादसा हुआ।

– राज्यवर्द्धन सिंह राठौड़ ने एसएमएस हॉस्पिटल पहुंचकर घायलों के घर वालों से बात की। बाद में राठौड़ ने कहा कि सभी जख्मी लोगों को सही इलाज दिया जा रहा है। दवाइयां भी हॉस्पिटल से मिल रही हैं। सरकार की ओर से इलाज में कोई कमी नहीं छोड़ी जा रही है।

– राठौड़ ने कहा, “मैं हादसे में मरे लोगों के भी घर गया था। मृतकों के अंतिम संस्कार में भी सरकार पूरी मदद कर रही है।”

इसे भी देखें:- अभी अभी: सरकार का बड़ा ऐलान, अब घर बैठे मात्र 200 रुपए में बनवाएं ड्राइविंग लाइसेंस

कैसे हुआ हादसा?

– भातियों का स्वागत कर गीत गाते हुए महिलाएं घर के बाहर लगे शामियाना में जा रही थीं, तभी रास्ते में लगा बिजली का थ्रीफेज ट्रांसफार्मर जल उठा और देखते ही देखते फट गया। ट्रांसफार्मर के फटने से उछले लोहे के टुकड़ों और गर्म तेल से वहां खड़ी महिलाएं और बच्चे बुरी तरह झुलस गए।

60 से 95% तक झुलसे लोग

– पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाकियों ने इलाज के दौरान एसएमएस हॉस्पिटल में दम तोड़ा।

– गर्म तेल से 60 से 95% तक झुलसे 7 लोग अभी एसएमएस हॉस्पिटल में भर्ती हैं।

नहीं आई अलवर से बारात

– हादसे के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। घर में कोहराम मच गया। पूरे गांव में मातम छा गया। अलवर जिले के प्रतापगढ़ कस्बे की चौसला गांव से बारात भी नहीं आई।

नाराज लोगों ने दिया धरना, तब हुआ मुआवजे का ऐलान

– राज्य सरकार ने डिवीजनल कमिश्नर राजेश्वर सिंह को घटना की जांच का जिम्मा सौंपा है।

– घटना से नाराज लोगों ने मृतकों के घर वालों को नौकरी, 20 लाख रुपए मुआवजा और घायलों को 5 लाख रु. मुआवजा देने के साथ ही दोषी कर्मचारियों को निलंबित करने की मांग को लेकर धरना दिया। इस पर कलेक्टर सिद्धार्थ महाजन ने मृतकों के घर वालों को 10 लाख और दोषी कर्मचारियों पर कार्रवाई का भरोसा देकर मामला शांत कराया।

दावा: लगातार हो रहा फीडर रेनोवेशन मेंटेनेंस का काम

– दिवाली से पहले ही डिस्कॉम के इंजीनियरों को इंस्ट्रक्शन दिए गए थे कि वे ट्रांसफार्मरों का रेगुलर मेंटेनेंस करें। फीडर रेनोवेशन का काम भी कई महीने से जारी है।

– दिवाली पर बिजली केबलों, ट्रांसफार्मरों के मेंटिनेंस का दावा भी जयपुर डिस्कॉम ने किया था। इसके बावजूद ये घटना हुई। प्रदेश में करीब 15 लाख और जयपुर में 12 हजार ट्रांसफार्मर हैं।

सचाई: 6 दिन पहले ही लगा था ट्रांसफार्मर, फिर फटा कैसे?

– ऊर्जा मंत्री पुष्पेन्द्र सिंह ने बताया कि ऑफिशियल्स से चर्चा में सामने आया है कि ढाणी गुजरान का ट्रांसफार्मर खराब था। मरम्मत के बाद इसे 25 अक्टूबर को ही लगाया गया था। – उधर, जयपुर डिस्कॉम के एमडी आरजी गुप्ता ने कहा कि प्रदेश के 15 लाख ट्रांसफार्मर में 3% का जलना आम बात है। यह रेगुलर मेंटेनेंस फीडर रेनोवेशन से जुड़ा मामला नहीं है। हम जांच कर रहे हैं और नियमों के मुताबिक ट्रांसफार्मर बदल रहे हैं, इसका खर्च किसान से नहीं लिया जाएगा।

– निगम के सूत्रों ने बताया कि ट्रांसफार्मर अधिक लोड या ज्यादा गर्म होने पर ही फट सकता है, लेकिन इस ट्रांसफार्मर पर ज्यादा लोड भी नहीं था। 25 केवी के इस ट्रांसफार्मर से एक ही कनेक्शन दिया गया था।

Back to top button